शस्त्रों या कारतूसों की बिक्री केवल वैध लाइसेंस और उचित पहचान पत्र के आधार पर ही दिए जाने के निर्देश दिए गए
BHADOHI NEWS: डीएम के निर्देश के अनुपालन में बुधवार को एसडीएम अरुण गिरी और सीओ अशोक कुमार मिश्र ने संयुक्त रूप से नगर के स्टेशन रोड पर स्थित कमला गन हाउस का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उनके द्वारा दुकानदार को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इस निरीक्षण के दौरान एसडीएम और सीओ ने दुकान के स्टॉक रजिस्टर, बिक्री रजिस्टर और लाइसेंस नवीनीकरण से संबंधित सभी महत्वपूर्ण अभिलेखों का बारीकी से मिलान किया। साथ ही दुकान में मौजूद शस्त्रों और कारतूसों की भौतिक गणना करते हुए यह सुनिश्चित किया गया कि उपलब्ध स्टॉक सरकारी रिकॉर्ड के पूरी तरह अनुरूप है। निरीक्षण के क्रम में दुकान के सुरक्षा मानकों, जैसे सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, अग्निशमन उपकरणों की स्थिति और शस्त्रों के सुरक्षित रख-रखाव का भी गहन जायजा लिया। अधिकारियों ने दुकान संचालक को सख्त निर्देश दिए कि शस्त्रों या कारतूसों की बिक्री केवल वैध लाइसेंस और उचित पहचान पत्र के आधार पर ही की जाए और किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तत्काल स्थानीय पुलिस को सूचित किया जाए।







