Home उत्तर प्रदेश करंट की चपेट में आकर महिला की दर्दनाक मौत, परिवार में मचा...

करंट की चपेट में आकर महिला की दर्दनाक मौत, परिवार में मचा कोहराम

झाड़ू लगाते समय लोहे के पाइप में उतरा करंट बना हादसे की वजह
FATEHPUR NEWS: जनपद के बिंदकी कस्बे के हजरतपुर ठठराही मोहल्ले में सोमवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में महिला की करंट लगने से मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में हड़कंप मच गया और घर में मातम का माहौल छा गया। जानकारी के अनुसार सावित्री देवी (लगभग 40 वर्ष), पत्नी राजेंद्र कसेरा, सोमवार को करीब दो बजे अपने घर के बाहर बरामदे में टीन शेड के नीचे झाड़ू लगा रही थीं। उसी दौरान टीन शेड और उसके सहारे लगे लोहे के पाइप में किसी कटे हुए बिजली के तार के कारण करंट उतर आया था। बताया गया कि झाड़ू लगाते समय जैसे ही सावित्री देवी ने लोहे के पाइप को हाथ लगाया, वह अचानक करंट की चपेट में आ गईं और वहीं चिपक गईं। परिजनों और आसपास के लोगों ने किसी तरह उन्हें करंट से अलग कर गंभीर हालत में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिंदकी पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। महिला की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजन रो-रोकर बेहाल हैं और पूरे मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि खुले और कटे हुए बिजली के तारों की जल्द मरम्मत कराई जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।