वरिष्ठ पदाधिकारियों के मार्गदर्शन में ज्वाला देवी के नवनियुक्त प्रधानाचार्य ने संभाला पदभार
प्रयागराज। ज्वाला देवी सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, सिविल लाइंस के नवनियुक्त प्रधानाचार्य के रूप में डॉ. राकेश सिंह ने आज मंत्रोच्चार के साथ पदभार ग्रहण किया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें विद्या भारती के वरिष्ठ पदाधिकारियों और प्रबुद्धजन शामिल हुए। इस दौरान मुख्य रूप से क्षेत्रीय सह संगठन मंत्री डॉ. राम मनोहर ने डॉ. राकेश सिंह को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विद्यालय का नेतृत्व एक गुरुत्तर उत्तरदायित्व है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि डॉ. सिंह के अनुभव और मार्गदर्शन में विद्यालय शैक्षिक गुणवत्ता और संस्कारों के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित करेंगे।
क्षेत्रीय शिशु वाटिका प्रमुख विजय उपाध्याय और प्रदेश निरीक्षक श्रीमान शेषधर द्विवेदी ने भी नवागत प्रधानाचार्य का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि सरस्वती विद्या मंदिर केवल किताबी ज्ञान का केंद्र नहीं है, बल्कि यह राष्ट्रभक्त और चरित्रवान नागरिकों के निर्माण की कार्यशाला है। शरद गुप्त और विद्यालय के प्रबंधक डॉ. आनंद शंकर श्रीवास्तव ने नवनियुक्त प्रधानाचार्य का परिचय कराया और पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका अभिनंदन किया। प्रबंधक डॉ. श्रीवास्तव ने कहा कि डॉ. सिंह की शैक्षणिक पृष्ठभूमि और प्रशासनिक कुशलता विद्यालय के विकास में मील का पत्थर साबित होगी। पदभार ग्रहण करने के पश्चात नवनियुक्त प्रधानाचार्य डॉ. राकेश सिंह ने सभी वरिष्ठ पदाधिकारियों का आशीर्वाद लिया। उन्होंने कहा कि ज्वाला देवी जैसे प्रतिष्ठित संस्थान की जिम्मेदारी मिलना मेरे लिए सौभाग्य की बात है। मेरा प्रयास रहेगा कि हम सामूहिक रूप से छात्रों के सर्वांगीण विकास के लिए कार्य करें और तकनीकी युग में भी अपनी सांस्कृतिक जड़ों को मजबूत बनाए रखें। इस अवसर पर विद्यालय के समस्त आचार्य बंधु उपस्थित थे। सभी ने नवागत प्रधानाचार्य का उत्साहपूर्वक स्वागत किया।







