ललौली गांव से शाखा हटाने पर नाराजगी, खाता बंद कराने की चेतावनी
FATEHPUR NEWS: थाना ललौली क्षेत्र के ग्राम सभा ललौली के ग्रामीणों ने बैंक ऑफ बड़ौदा (बीओबी) की शाखा को गांव से बाहर शिफ्ट किए जाने के विरोध में जिलाधिकारी को शिकायती पत्र सौंपकर कड़ा विरोध जताया है। ग्रामीणों का कहना है कि यह शाखा पिछले लगभग 45 वर्षों से गांव में संचालित हो रही है और इसका लेनदेन भी सुचारू रूप से चल रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि बैंक की वर्तमान स्थिति से गांव वासियों को किसी प्रकार की समस्या नहीं है, लेकिन अब शाखा को गांव से बाहर स्थानांतरित किए जाने की प्रक्रिया से लोगों में भारी आक्रोश है। उन्होंने कहा कि गांव की लगभग 90 प्रतिशत महिलाएं बैंकिंग कार्यों के लिए इसी शाखा पर निर्भर हैं, जबकि अधिकांश पुरुष रोजगार के सिलसिले में सऊदी अरब और मुंबई जैसे स्थानों पर रहते हैं। ऐसी स्थिति में महिलाओं के लिए दूरस्थ स्थान पर जाकर बैंकिंग कार्य करना असुरक्षित और असुविधाजनक होगा। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि जनहित को ध्यान में रखते हुए बैंक शाखा को यथावत गांव में ही संचालित रखा जाए। साथ ही ग्रामीणों ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि शाखा को दूसरी जगह शिफ्ट किया गया तो वे सभी अपने-अपने खाते बंद करवा देंगे और किसी अन्य बैंक में खाता खुलवाएंगे। साथ ही उन्होंने जमा धनराशि वापस करने की भी मांग की है। इस दौरान मकबूल मोहम्मद, खां समीम, आदिल खान, फखरुद्दीन, जमाल अली, निसार खान, मकबूल हाफिज, नूर मोहम्मद, मास्टर फरहत खान, अंसार खान, इसरार खान, अबरार खान, जहीर खान, महताब आलम सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।







