KAUSHAMBI NEWS: कोखराज थाना क्षेत्र के टेढ़ीमोड़ ओवरब्रिज के पास बुधवार सुबह करीब 7:30 बजे अज्ञात वाहन की टक्कर से एक शिक्षक गंभीर रूप से घायल हो गए। बम्हरौली निवासी हीरालाल (45) पुत्र स्वर्गीय राम सजीवन सड़क पार कर बस पकड़ने जा रहे थे, तभी किसी तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी।
हादसे की सूचना पर शहजादपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। चौकी इंचार्ज सत्य प्रकाश सिंह हमराहियों के साथ घायल को प्राथमिक उपचार के लिए स्थानीय अस्पताल ले गए। इसी दौरान सूचना मिलने पर पहुंचे स्वजनों ने एंबुलेंस आने से पहले ही अपने निजी वाहन से घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया। जिला अस्पताल में हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें प्रयागराज के लिए रेफर कर दिया। बताया जा रहा है कि हीरालाल फाफामऊ स्थित एक बालिका विद्यालय में सरकारी शिक्षक हैं और रोज की तरह स्कूल जाने के लिए निकले थे। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी है।







