KAUSHAMBI NEWS: जनपद के परिषदीय विद्यालयों में बुधवार से नवीन शैक्षिक सत्र का शुभारंभ हो गया। बेसिक शिक्षा विभाग ने इस वर्ष भी 6 से 14 वर्ष तक के सभी बच्चों का शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने का लक्ष्य निर्धारित किया है, ताकि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रह जाए। इसके साथ ही 3 से 6 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को भी बाल वाटिका में जोड़ने की जिम्मेदारी तय की गई है। इसी क्रम में विकासखंड कड़ा के कंपोजिट विद्यालय सौंरई बुजुर्ग ने सत्र के पहले ही दिन उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की। विद्यालय के शिक्षक अजय साहू के प्रयासों से पहले दिन ही 51 बच्चों का नामांकन कर लक्ष्य को शत-प्रतिशत पूरा कर लिया गया। हर वर्ष की तरह इस बार भी विद्यालय ने पहले दिन सर्वाधिक नामांकन करने का लक्ष्य प्राप्त किया। नवप्रवेशी बच्चों के स्वागत के लिए विद्यालय में विशेष आयोजन किया गया। प्रधानाध्यापिका रूपा साहू व सहायक शिक्षिका शशि राठौर ने बच्चों को रोली-चंदन का टीका लगाकर व पुष्प भेंट कर उनका उत्साहवर्धन किया। विद्यालय परिसर में उत्सव जैसा माहौल रहा और बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे। इस अवसर पर शिक्षक अजय साहू ने बताया कि विद्यालय की ओर से पूरे वर्ष सर्वे कार्य किया जाता है, जिसमें यह चिन्हित किया जाता है कि कौन-कौन से बच्चे 6 वर्ष की आयु पूरी करने वाले हैं। उनके अभिभावकों से संपर्क कर समय से नामांकन सुनिश्चित किया जाता है। इसी रणनीति के तहत हर वर्ष सत्र के पहले दिन ही अधिकतम नामांकन का लक्ष्य हासिल कर लिया जाता है। विद्यालय परिवार ने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय आने, मन लगाकर पढ़ाई करने और उपलब्ध शैक्षिक सुविधाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। साथ ही अभिभावकों से भी बच्चों की शिक्षा में सहयोग करने की अपील की गई। इस अवसर पर विद्यालय के अन्य शिक्षक रामप्रसाद, राजेश शर्मा, आशीष श्रीवास्तव, शिवम केसरवानी, योगेंद्र यादव, कुलदीप सिंह, सुनीता, राजकुमार,पूजा सहित विद्यालय प्रबंध समिति की अध्यक्ष गीता देवी व उपाध्यक्ष राधा देवी सहित कई अभिभावक भी उपस्थित रहे।







