Home उत्तर प्रदेश अटेवा मंच का काला दिवस, कर्मचारियों-शिक्षकों ने बांधी काली पट्टी

अटेवा मंच का काला दिवस, कर्मचारियों-शिक्षकों ने बांधी काली पट्टी

NPS और UPS के विरोध में जिलेभर में प्रदर्शन, 13 अप्रैल को मशाल जुलूस का ऐलान
FATEHPUR NEWS: अटेवा पेंशन बचाओ मंच के प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर बुधवार को जिलेभर में कर्मचारियों और शिक्षकों ने काली पट्टी बांधकर “काला दिवस” मनाया। इस दौरान पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर विभिन्न विभागों के कर्मियों ने विरोध दर्ज कराया। आंदोलनकारियों का कहना है कि इसी दिन पुरानी पेंशन व्यवस्था समाप्त कर नई पेंशन योजना (NPS) लागू की गई थी, जिसे कर्मचारी अपने भविष्य के लिए असुरक्षित मानते हैं। जिला अध्यक्ष निधान सिंह ने बताया कि अटेवा मंच लगातार NPS और UPS का विरोध कर रहा है। उन्होंने दावा किया कि आंदोलन के दबाव में देश के पांच राज्यों राजस्थान, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश और पश्चिम बंगाल में पुरानी पेंशन व्यवस्था बहाल की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि जब तक सभी कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन बहाल नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। जिले के धाता, देवमई, अमौली, मलवा, हथगांव, भिटौरा, असोथर और ऐराया समेत सभी ब्लॉकों में कर्मचारियों और शिक्षकों ने काली पट्टी बांधकर अपने-अपने कार्यस्थलों पर विरोध जताया। जिला अध्यक्ष ने आगे जानकारी दी कि अगला चरण 13 अप्रैल को होगा, जिसमें TET की अनिवार्यता के खिलाफ प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर मशाल जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया जाएगा।