JAUNPUR NEWS: जनपद में निराश्रित गोवंश के संरक्षण और उनके समुचित भरण-पोषण को सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने एक बार फिर समाज के सभी वर्गों से आगे आने की अपील की है। उन्होंने किसानों, समाजसेवियों, स्वयंसेवी संस्थाओं और आम नागरिकों से अधिक से अधिक मात्रा में भूसा दान करने का आग्रह किया है, ताकि गौशालाओं में रह रहे पशुओं के लिए चारे की कमी न हो। जिलाधिकारी ने कहा कि गौवंश की देखभाल केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि यह समाज का सामूहिक दायित्व है। यदि किसान अपनी फसल से प्राप्त भूसे का एक हिस्सा भी गो आश्रय स्थलों के लिए समर्पित करते हैं, तो इससे बड़ी संख्या में निराश्रित पशुओं को सहारा मिल सकता है। प्रशासन ने इस दिशा में तैयारियां भी तेज कर दी हैं। उपजिलाधिकारी, तहसीलदार, खंड विकास अधिकारी और पशु चिकित्सा अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे भूसा संग्रहण की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करें और एकत्रित भूसे को शीघ्र गौशालाओं तक पहुंचाएं। जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से इस पुनीत कार्य में बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाने की अपील करते हुए कहा कि गौसेवा से बड़ा कोई धर्म नहीं है। अधिक से अधिक भूसा दान कर सभी लोग इस नेक पहल का हिस्सा बनें और निराश्रित पशुओं के जीवन को सुरक्षित बनाने में योगदान दें।







