चैत्र नवरात्र की नवमी पर निकली भव्य शोभायात्रा
FATEHPUR NEWS: अमौली विकास खंड के देवरी बुजुर्ग गांव में चैत्र नवरात्र की नवमी पर श्रद्धा और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। देवी भक्तों ने गाजे-बाजे और जयकारों के बीच पूरे उत्साह के साथ जवारे निकालकर गांव को भक्तिमय वातावरण में सराबोर कर दिया। मेला ग्राउंड में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी, जहां विधि-विधान से हवन-पूजन संपन्न हुआ। इसके बाद दोपहर बाद महिलाओं और कन्याओं ने सिर पर जवारे के कलश रखकर भव्य शोभायात्रा की शुरुआत की। युवकों ने “जय माता दी” के जयघोष के साथ जुलूस में जोश और ऊर्जा का माहौल बनाए रखा। शोभायात्रा गांव की विभिन्न गलियों और मोहल्लों से होकर गुजरी, जहां जगह-जगह ग्रामीणों ने श्रद्धालुओं का स्वागत किया। पूरे मार्ग में भक्ति गीतों और ढोल-नगाड़ों की धुन पर श्रद्धालु झूमते नजर आए। सुरक्षा व्यवस्था के बीच निकली यह शोभायात्रा देर शाम माता मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई। इस दौरान पूरे गांव में भक्तिभाव, उल्लास और उत्सव का माहौल बना रहा। इस अवसर पर नंदू तिवारी, सुरेंद्र सिंह, राहुल, फूल सिंह यादव, लल्ला सोनकर, छोटू तिवारी एवं विनीत सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।







