पीड़िता का आरोप— अब वीडियो वायरल करने की दे रहा धमकी FATEHPUR NEWS: जिले के हथगांव थाना क्षेत्र से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां एक युवती ने एक युवक पर शादी का झांसा देकर आर्थिक शोषण और दुष्कर्म जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर न्याय की गुहार लगाई है। पीड़िता के अनुसार उसके पिता की वर्ष 2018 में मृत्यु हो गई थी, जिसके बाद उसकी मां ने उसकी शादी हथगांव थाना क्षेत्र के रसूलपुर निवासी युवक दुरबीन से तय कर दी थी। शादी तय होने के बाद आरोपी युवक का पीड़िता के घर आना-जाना लगातार बना रहा। इसी दौरान उसने भरोसा जीतकर शादी का वादा किया। पीड़िता का आरोप है कि युवक ने अपनी बहन की शादी का हवाला देते हुए उसकी मां से ₹2 लाख रुपये ले लिए और कहा कि बाद में अपनी शादी में यह रकम कम कर दी जाएगी। लेकिन बहन की शादी होने के बाद जब पीड़िता और उसकी मां ने युवक से शादी की बात कही, तो वह लगातार टालमटोल करता रहा। आरोप है कि इस दौरान युवक ने पीड़िता का शारीरिक शोषण भी किया। अब जब पीड़िता और उसके परिवार द्वारा शादी के लिए दबाव बनाया जा रहा है, तो आरोपी युवक कथित रूप से अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी दे रहा है और शादी से साफ इनकार कर रहा है। पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि मामले में तत्काल रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही या तो आरोपी युवक उससे शादी करे या फिर उससे लिए गए ₹2 लाख रुपये वापस दिलाए जाएं। इस संबंध में पुलिस का कहना है कि शिकायत प्राप्त हुई है और मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।







