Home उत्तर प्रदेश मेजारोड़ रेलवे स्टेशन जाने वाले मुख्य मार्ग पर गम्भीर जलभराव  एवं अतिक्रमण

मेजारोड़ रेलवे स्टेशन जाने वाले मुख्य मार्ग पर गम्भीर जलभराव  एवं अतिक्रमण

यात्रियों को जाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा हैं

PRAYAGRAJ NEWS: प्रयागराज के मेजा क्षेत्र में शुक्रवार शाम हुई बारिश के बाद मेजारोड रेलवे स्टेशन जाने वाले मुख्य मार्ग पर
गंभीर जलभराव हो गया है। अवैध अतिक्रमण और सड़क की खराब स्थिति के कारण आवागमन बुरी तरह प्रभावित हुआ है, जिससे यात्रियों और स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। रविवार को भी स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ। यह मार्ग विकासखंड उरूवा के सोरांव गांव से होकर गुजरता है। सड़क पहले से ही क्षतिग्रस्त थी, और स्थानीय लोगों द्वारा पटरियों के किनारे किए गए अवैध अतिक्रमण ने समस्या को और बढ़ा दिया है। बारिश के बाद सड़क पर भारी मात्रा में पानी भर गया, जिससे पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। स्थानीय निवासियों के अनुसार, पिछली बारिश के बाद जैसे-तैसे सड़क सूखी थी, लेकिन शुक्रवार की शाम हुई वर्षा ने फिर से हालात बदतर कर दिए। रविवार को भी जलभराव और कीचड़ के कारण लोगों को आवागमन में दिक्कतें झेलनी पड़ीं। खासकर रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्रियों को ट्रेन पकड़ने में काफी परेशानी हुई।ट्रेन पकड़ने जा रहे यात्रियों श्रीकांत यादव, शिव शंकर तिवारी, राजाराम दुबे, रमाशंकर और संजीव कुमार ने बताया कि बारिश ने जहां समस्या बढ़ाई है, वहीं अतिक्रमण ने स्थिति को और गंभीर बना दिया है। सड़क पर पैदल चलना भी दूभर हो गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द से जल्द जल निकासी की व्यवस्था करने और अवैध अतिक्रमण हटाने की मांग की है, ताकि लोगों को इस समस्या से निजात मिल सके। ये अतिक्रमण की समस्या बारिश के साथ-साथ अन्य महीनों में भी बना रहता हैं। शासन-प्रशासन इस गम्भीर समस्या पर ध्यान नही दिया तो आने वाले समय मे कोई गम्भीर दुर्घटना हो सकती हैं।