MIRZAPUR NEWS: नगर के बरियाघाट स्थित अति प्राचीन श्री नागेश्वर नाथ महादेव मंदिर के पुनर्निर्माण और मरम्मत की मांग को लेकर आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष सुनील कुमार पांडे एडवोकेट ने आयुक्त विंध्याचल मंडल और जिलाधिकारी से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। उन्होंने कहा कि बरियाघाट गंगा तट पर स्थित यह लगभग 200 वर्ष पुराना ऐतिहासिक शिव मंदिर है, जहां पूर्वजों और शिवभक्तों द्वारा 12 ज्योतिर्लिंगों की स्थापना की गई थी। बरसात के कारण मंदिर का एक हिस्सा गिर गया है, जिससे मंदिर जर्जर अवस्था में पहुंच गया है। सुनील कुमार पांडे ने कहा कि जिला प्रशासन, पर्यटन विभाग और नगर पालिका परिषद की उदासीनता के कारण मंदिर की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है। उन्होंने प्रशासन से मंदिर के तत्काल पुनर्निर्माण और मरम्मत की मांग की। इस दौरान अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे विजेता ने पर्यटन विभाग के प्रभारी अधिकारी को बुलाकर मंदिर के पुनर्निर्माण के संबंध में आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। आप नेता ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही मंदिर के पुनर्निर्माण का कार्य शुरू नहीं कराया गया तो आम आदमी पार्टी जिला मुख्यालय पर अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन करेगी







