Home उत्तर प्रदेश शिहारी पट्टी में ‘जल अर्पण’ कार्यक्रम में विधायक कृष्णा पासवान ने किया...

शिहारी पट्टी में ‘जल अर्पण’ कार्यक्रम में विधायक कृष्णा पासवान ने किया पेयजल योजना का लोकार्पण

हर घर जल योजना से गांव में पहुंचा स्वच्छ पानी, ग्रामीणों ने जताई खुशी
FATEHPUR NEWS:  जनपद के विकास खण्ड धाता अंतर्गत ग्राम पंचायत शिहारी पट्टी में जल जीवन मिशन के अंतर्गत ‘जल अर्पण’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि खागा विधायक कृष्णा पासवान की उपस्थिति में पेयजल योजना का विधिवत लोकार्पण किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक द्वारा दीप प्रज्वलन एवं जल पूजन के साथ हुआ। इस अवसर पर अधिशासी अभियंता अनुराग गौतम ने पुष्पगुच्छ भेंट कर मुख्य अतिथि का स्वागत किया। इसके पश्चात विधायक ने पेयजल योजना का निरीक्षण कर कार्य की गुणवत्ता का जायजा लिया और संतोष व्यक्त किया। इस मौके पर विधायक कृष्णा पासवान ने कहा कि यह योजना नरेंद्र मोदी और योगी आदित्यनाथ की महत्वाकांक्षी पहल का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य हर घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाना है। उन्होंने जल निगम की टीम की सराहना करते हुए कहा कि जिस गुणवत्ता और तत्परता से यहां कार्य पूरा किया गया है, उसी गति से अन्य लंबित परियोजनाओं को भी शीघ्र पूरा किया जाए। पाइपलाइन के माध्यम से घर-घर स्वच्छ जल पहुंचने से ग्रामवासियों में खुशी का माहौल रहा। ग्रामीणों ने एक स्वर में सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अब उन्हें पीने के पानी की समस्या से राहत मिल गई है। कार्यक्रम के दौरान जल संरक्षण में उत्कृष्ट कार्य करने वाली एफटीके (FTK) महिलाओं, पंप ऑपरेटरों एवं स्वच्छता समिति के सदस्यों को विधायक द्वारा सम्मानित किया गया। अंत में सभी उपस्थित लोगों को ‘जल शपथ’ दिलाकर जल संरक्षण का संकल्प कराया गया। इस अवसर पर अधिशासी अभियंता अनुराग गौतम, सहायक अभियंता कैलाश चन्द्र, अवर अभियंता विवेक कुमार, टीपीआई से कृष्ण कुमार खरे, जिला समन्वयक राजमुनि यादव, आईएसए कोऑर्डिनेटर शिवबहादुर सिंह चंदेल, सीबीटी स्वाति अवस्थी, प्रोजेक्ट मैनेजर मो. सऊद सिद्दीकी, कंस्ट्रक्शन कंपनी से मनोज तिवारी, ग्राम प्रधान मान सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।