LAKHIMPUR KHERI NEWS: सिंगाही थाना क्षेत्र स्थित फुटहा फार्म में तेंदुए के हमले में जान गंवाने वाली सात वर्षीय सिमरन कौर का तीसरे दिन अंतिम संस्कार कर दिया गया। अंतिम विदाई के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण और विभिन्न संगठनों के लोग मौजूद रहे।घटना के बाद परिजन, भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) और सिख संगठनों के सदस्य मुआवजे तथा सुरक्षा व्यवस्था की मांग पर अड़े हुए थे। परिजनों ने करीब 20 घंटे तक शव रखकर विरोध प्रदर्शन किया। प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा आश्वासन दिए जाने के बाद ही वे पोस्टमार्टम के लिए सहमत हुए।शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद सिमरन का शव गांव पहुंचा। इस दौरान उसकी मां सरजीत कौर और बुजुर्ग पिता जोगा सिंह की स्थिति देख वहां मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं।अंतिम संस्कार में ग्रामीणों के साथ-साथ किसान संगठनों और सिख समाज के कई लोग शामिल हुए। पूरे गांव में शोक का माहौल रहा।इस घटना के बाद से इलाके में भय का माहौल है। वन विभाग की टीम तेंदुए को पकड़ने के लिए लगातार कॉम्बिंग अभियान चला रही है और मौके पर एक पिंजरा भी लगाया गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से त्वरित कार्रवाई और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।







