Home उत्तर प्रदेश मेगा क्रेडिट कैंप का भव्य आयोजन, 25 करोड़ रुपये के ऋण वितरित

मेगा क्रेडिट कैंप का भव्य आयोजन, 25 करोड़ रुपये के ऋण वितरित

सरकारी योजनाओं से लाभार्थियों को मिला संबल, स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता पर जोर
FATEHPUR NEWS:  उत्तर प्रदेश सरकार के 9 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जनपद में मेगा क्रेडिट कैंप का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष अभय प्रताप सिंह रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी रवींद्र सिंह ने की। कार्यक्रम का आयोजन जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि अभय प्रताप सिंह एवं भाजपा जिलाध्यक्ष अन्नू श्रीवास्तव द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। इस अवसर पर विभिन्न बैंकिंग एवं प्रशासनिक अधिकारियों की उपस्थिति रही, जिनमें बैंक ऑफ बड़ौदा के क्षेत्रीय प्रमुख अरविंद कुमार, उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक के उप क्षेत्रीय प्रमुख दुर्गेश कुमार, परियोजना निदेशक शेष मानी सिंह, अग्रणी जिला प्रबंधक गोपाल कृष्णा तथा उपायुक्त अजय कुमार गुप्ता प्रमुख रूप से शामिल रहे। कैंप का मुख्य उद्देश्य पात्र लाभार्थियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं के अंतर्गत ऋण स्वीकृति प्रदान कर स्वरोजगार और आर्थिक सशक्तिकरण को बढ़ावा देना रहा। इस दौरान प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (PMEGP), मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, स्टैंड-अप इंडिया तथा मुद्रा योजना सहित कई योजनाओं के अंतर्गत ऋण वितरित किए गए। मुख्य अतिथि अभय प्रताप सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि इस प्रकार के मेगा क्रेडिट कैंप का उद्देश्य युवाओं, महिलाओं और स्वयं सहायता समूहों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। उन्होंने लाभार्थियों से अपील की कि वे प्राप्त ऋण का सदुपयोग कर अपने व्यवसाय को सफल बनाएं और दूसरों के लिए भी रोजगार के अवसर पैदा करें। कार्यक्रम के दौरान जनपद की विभिन्न बैंकों की शाखाओं की सक्रिय सहभागिता रही और लगभग 25 करोड़ रुपये की धनराशि लाभार्थियों को वितरित की गई। लाभार्थियों ने इस पहल की सराहना करते हुए शासन और प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का सफल संचालन लीड बैंक कार्यालय के सहयोग से संपन्न हुआ।