Home उत्तर प्रदेश इंडो गल्फ फैक्ट्री हादसे में मृतक के परिजनों को 25 लाख की...

इंडो गल्फ फैक्ट्री हादसे में मृतक के परिजनों को 25 लाख की सहायता, विधायक राजीव सिंह पारीछा ने बढ़ाया सहारा

शोकाकुल परिवार से मिलकर दिया ढांढस, हर संभव मदद का दिलाया भरोसा
JHANSI NEWS:  बबीना क्षेत्र के विधायक राजीव सिंह पारीछा ने मानवता और संवेदनशीलता का परिचय देते हुए इंडो गल्फ फैक्ट्री में हुए दर्दनाक हादसे में मृतक नवल यादव के परिजनों को 25 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की। गौरतलब है कि विगत दिनों बबीना स्थित इंडो गल्फ फैक्ट्री में हुए हादसे में नवल यादव की असमय मृत्यु हो गई थी, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। इस दुखद घटना की जानकारी मिलते ही विधायक स्वयं पीड़ित परिवार के घर पहुंचे और परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया।
इस दौरान विधायक ने 25 लाख रुपये की राहत राशि का चेक सौंपते हुए कहा कि इस कठिन समय में सरकार और समाज दोनों ही परिवार के साथ खड़े हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भविष्य में भी परिवार को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। विधायक ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि पीड़ित परिवार को शासन द्वारा संचालित सभी योजनाओं का लाभ प्राथमिकता के आधार पर दिलाया जाए, ताकि उन्हें आर्थिक और सामाजिक रूप से संबल मिल सके।
इस अवसर पर भाजपा झांसी महानगर के महामंत्री विनोद नायक, अरविन्द राजपूत, जिला मंत्री पलविन्दर नंदा, क्षेत्राधिकारी सदर, थानाध्यक्ष बबीना सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
अंत में उपस्थित जनों ने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें तथा परिजनों को इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति दें।