KAUSHAMBI NEWS: प्राथमिक विद्यालय भगवानपुर में बुधवार को को-लोकेटेड आंगनबाड़ी केंद्र पर ‘नवआरंभ उत्सव’ का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। कार्यक्रम के तहत 3 से 6 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को चिह्नित कर उनका रोली-टीका लगाकर स्वागत किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया, जिससे बच्चों और अभिभावकों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। नए बच्चों को विद्यालय से जोड़ने के उद्देश्य से विभिन्न आकर्षक स्टॉल लगाए गए, जहां बच्चों के लिए शिक्षण-सामग्री, खेलकूद और गतिविधियों की जानकारी दी गई। प्रधानाध्यापिका सुमन कुशवाहा ने अभिभावकों को बाल वाटिका से लेकर कक्षा एक तक नामांकन की प्रक्रिया और उसके महत्व के बारे में विस्तार से बताया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अभिभावकों ने भागीदारी की। उन्हें प्रेरित किया गया कि वे अपने बच्चों को साफ-सुथरा रखकर नियमित रूप से विद्यालय भेजें, ताकि उनके समग्र विकास को सुनिश्चित किया जा सके। शिक्षकों ने बताया कि प्रारंभिक शिक्षा बच्चों के भविष्य की मजबूत नींव होती है, इसलिए समय पर नामांकन और नियमित उपस्थिति अत्यंत आवश्यक है। इस दौरान शिक्षिका शैलजा, रीता दयाल व आंगनबाड़ी अर्चना शुक्ला और अर्चना सरोज सहित विद्यालय स्टाफ उपस्थित रहा। उत्सव की विभिन्न झलकियों ने सभी का मन मोह लिया और बच्चों में विद्यालय आने के प्रति उत्साह बढ़ाया।







