Home उत्तर प्रदेश वार्षिक लक्ष्य हर हाल में करें पूरा, वसूली में लाएं तेजी— जिलाधिकारी...

वार्षिक लक्ष्य हर हाल में करें पूरा, वसूली में लाएं तेजी— जिलाधिकारी मृदुल चौधरी ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

JHANSI NEWS: जिलाधिकारी मृदुल चौधरी ने कलेक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में कर-करेत्तर एवं प्रवर्तन कार्यों की मासिक समीक्षा बैठक करते हुए अधिकारियों के पेंच कस दिए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि वित्तीय वर्ष समाप्ति में मात्र 10 दिन शेष हैं, ऐसे में सभी विभाग योजनाबद्ध तरीके से कार्य करते हुए वार्षिक लक्ष्य की शत-प्रतिशत प्राप्ति सुनिश्चित करें। बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि सभी विभाग प्लानिंग बनाकर वसूली में तेजी लाएं। उन्होंने विशेष रूप से खनन, आबकारी एवं परिवहन विभाग को प्रवर्तन कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही बिना माइन-टेक लगे खनन परिवहन करने वाले वाहनों पर ओवरलोडिंग के तहत चालान काटने के निर्देश भी दिए।
जिलाधिकारी ने इन्फोर्समेंट कार्यों में सुधार और जीएसटी चोरी पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए तथा सीमेंट यूनिट की स्थिति की जानकारी भी ली। खनन विभाग की समीक्षा में जिला खनिज अधिकारी ने बताया कि इस वित्तीय वर्ष में 1060 वाहनों को कर अपवंचन में पकड़ा गया, जिनसे 1513.50 लाख की वसूली की गई। इसके अलावा 83 आरसी जारी कर 55.88 करोड़ की वसूली सुनिश्चित की गई है। जिलाधिकारी ने अवैध खनन पर प्रभावी रोक लगाने के निर्देश दिए। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने पेयजल आपूर्ति को लेकर भी सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम को देखते हुए कहीं भी पेयजल संकट नहीं होना चाहिए। सभी निकायों को आवंटित धनराशि से शीघ्र पानी की टंकियों का निर्माण कराया जाए तथा किसी भी स्थिति में टैंकर से जलापूर्ति न करनी पड़े, यह सुनिश्चित किया जाए। बैठक में एडीएम वित्त एवं राजस्व वरुण कुमार पाण्डेय, अपर जिलाधिकारी न्याय अरुण कुमार गौड़, अपर नगर मजिस्ट्रेट अजय कुमार यादव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।