KAUSHAMBI NEWS: कड़ा विकासखंड के शहजादपुर संकुल अंतर्गत कंपोजिट विद्यालय सुखऊ का पूरा में परीक्षा उपरांत शासन के निर्देश पर शिक्षक संकुल बैठक का आयोजन मंगलवार को किया गया। बैठक की अध्यक्षता प्रधानाध्यापिका कमलेश कुमारी ने की। बैठक में उपस्थित नोडल शिक्षक अखिलेश शुक्ला ने कहा कि वर्तमान में विद्यालयों में वार्षिक परीक्षाएं संचालित की जा रही हैं, जिन्हें सभी शिक्षक शांतिपूर्वक व कुशलतापूर्वक संपन्न कराएं। उन्होंने आगामी सत्र की तैयारियों पर जोर देते हुए कहा कि “स्कूल चलो अभियान” के अंतर्गत अप्रैल के प्रथम सप्ताह में ही अधिक से अधिक नामांकन सुनिश्चित किया जाए, इसके लिए व्यापक कार्ययोजना बनाई जाए। पूर्व एआरपी रामकृष्ण ने सुझाव दिया कि परीक्षा समाप्ति के बाद अभिभावकों के साथ मेगा बैठक आयोजित कर बच्चों की प्रगति रिपोर्ट वितरित की जाए व नए नामांकन के प्रति उन्हें जागरूक किया जाए। उन्होंने कक्षा शिक्षण को प्रभावी बनाने के लिए टीएलएम (शिक्षण-सहायक सामग्री) के नियमित उपयोग पर बल दिया और नए सत्र की शुरुआत से ही नवाचारपूर्ण शिक्षण पद्धतियां अपनाने की बात कही। बैठक में शिक्षक मनोज द्विवेदी, राकेश सिंह, प्रदीप सिंह, वीरेंद्र सिंह, धर्मेंद्र सिंह, शिवबरन, रिया सेठी, माया सिंह, प्रतिभा सिंह, रवींद्र सिंह सहित अन्य शिक्षक उपस्थित रहे। अंत में प्रधानाध्यापिका ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए विद्यालय में गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा के लिए सामूहिक प्रयास करने का आह्वान किया।







