Home उत्तर प्रदेश मिशन शक्ति के तहत महिलाओं को किया गया जागरूक

मिशन शक्ति के तहत महिलाओं को किया गया जागरूक

एंटी रोमियो टीम रही सक्रिय
FATEHPUR NEWS:  महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे मिशन शक्ति फेज–5.0 अभियान के अंतर्गत जनपद में व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन में जनपद के समस्त थानों पर गठित मिशन शक्ति टीम एवं एंटी रोमियो टीम द्वारा विभिन्न स्थानों पर महिलाओं और बालिकाओं को जागरूक किया गया। इस दौरान पुलिस टीमों ने प्रमुख बाजारों, कस्बों, चौराहों, स्कूलों-कॉलेजों, धार्मिक स्थलों तथा अन्य सार्वजनिक स्थानों पर पहुंचकर महिलाओं को सुरक्षा एवं सशक्तिकरण से जुड़ी योजनाओं की जानकारी दी। साथ ही शासन एवं पुलिस विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं—मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना, राष्ट्रीय पोषण योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, आयुष्मान योजना, सुरक्षित मातृत्व आश्वासन (सुमन) योजना, महिला शक्ति केंद्र योजना आदि के बारे में विस्तार से बताया गया। पुलिस टीमों ने महिलाओं को उनकी सुरक्षा के लिए उपलब्ध हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देते हुए पंपलेट वितरित किए। इनमें वीमेन पावर लाइन 1090, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, सीएम हेल्पलाइन 1076, स्वास्थ्य सेवा हेल्पलाइन 102, एंबुलेंस सेवा 108, महिला हेल्पलाइन 181 तथा साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 शामिल हैं। इसके साथ ही मोबाइल में इमरजेंसी कॉल एवं पैनिक बटन के उपयोग का डेमो भी दिया गया। अभियान के दौरान एंटी रोमियो टीम ने छात्राओं एवं महिलाओं को आत्मरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए उन्हें किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ या उत्पीड़न की स्थिति में तुरंत पुलिस से संपर्क करने की सलाह दी। पुलिस अधिकारियों ने यह भी कहा कि महिलाओं की सुरक्षा के प्रति किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और शिकायत मिलने पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। पुलिस विभाग का यह अभियान न केवल महिलाओं को उनके अधिकारों और सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूक कर रहा है, बल्कि समाज में सुरक्षा और विश्वास का माहौल भी मजबूत कर रहा है।