FATEHPUR NEWS: रमजानुल मुबारक की 26वीं तारीख को तरावीह की नमाज के दौरान दो नन्हें हाफिज़-ए-कुरान बच्चों ने पाक कुरान मुकम्मल कर एक खास मुकाम हासिल किया। इस मौके पर क्षेत्र में खुशी और रूहानी माहौल देखने को मिला। खेलदार मोहल्ला स्थित पीली मस्जिद के मदरसा तहाफिजुल कुरान में आयोजित तरावीह के दौरान 13 वर्षीय हाफिज़ मुहम्मद याह्या (पुत्र हाफिज़ मोहम्मद इस्माइल सिद्दीकी) और हाफिज़ मोहम्मद खालिद उर्फ दानिश (पुत्र मोहम्मद शमीम, निवासी लाला बाजार) ने 26 दिन में तरावीह के जरिए कुरान पाक मुकम्मल कराया। यह उपलब्धि उन्होंने अपने उस्ताद हाफिज़ मोहम्मद इस्माइल सिद्दीकी की सरपरस्ती में हासिल की। इस अवसर पर ईदगाह के इमाम डॉ. सैयद हबीबुल इस्लाम ने बच्चों और उनके अभिभावकों को मुबारकबाद देते हुए कहा कि कुरान पाक केवल तिलावत के लिए नहीं, बल्कि इंसानियत को सही रास्ता दिखाने वाली मुकद्दस किताब है। उन्होंने कहा कि कुरान हमें बुराइयों से बचकर सीधे रास्ते पर चलने की सीख देता है। कार्यक्रम के अंत में मुल्क व मिल्लत की खुशहाली और अमन-चैन के लिए विशेष दुआ कराई गई। इस रूहानी महफिल में शहर के कई हाफिज़, नौजवान और गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी ने दोनों बच्चों को फूल-मालाएं पहनाकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।







