Home उत्तर प्रदेश जिलाधिकारी ने उच्च प्राथमिक विद्यालय एवं ऑगनबाड़ी केन्द्र का किया आकस्मिक निरीक्षण

जिलाधिकारी ने उच्च प्राथमिक विद्यालय एवं ऑगनबाड़ी केन्द्र का किया आकस्मिक निरीक्षण

KAUSHAMBI NEWS: जिलाधिकारी डॉ. अमित पाल ने उच्च प्राथमिक विद्यालय, अगियौना एवं ऑगनबाड़ी केन्द्र अगियौना का आकस्मिक निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने उच्च प्राथमिक विद्यालय के निरीक्षण के दौरान विद्यालय में अनुशासन न पाए जाने, विद्यालय परिसर व शौचालय की साफ-सफाई की स्थिति ठीक न पाए जाने, मध्यान्ह भोजन में लापरवाही पाए जाने एवं निपुण तालिका अपडेट न पाए जाने पर नाराजगी प्रकट करते हुए जिला बेसिक शिक्षाधिकारी को दूरभाष पर निर्देशित किया है कि जांचकर प्रधानाध्यापिका के विरूद्ध विभागीय कार्यवाही किया जाय। जिलाधिकारी ने जिला पंचायतराज अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी एवं जिला बेसिक शिक्षाधिकारी को दूरभाष पर निर्देशित किया कि तत्काल विद्यालय का भ्रमण कर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करायें। निरीक्षण के दौरान प्रधानाध्यापिका द्वारा अवगत कराया गया कि सफाई कर्मी नियमित रूप से नहीं आते हैं, जिस पर जिलाधिकारी ने जिला पंचायतराज अधिकारी को निर्देशित किया कि यह सुनिश्चित किया जाय कि सफाई कर्मी प्रतिदिन विद्यालय का साफ-सफाई कार्य अवश्य करें। प्रधानाध्यापिका ने बताया कि एक शिक्षक काफी समय से विद्यालय नहीं आ रहें है, जिस पर जिलाधिकारी ने जिला बेसिक शिक्षाधिकारी को शिक्षक के विरूद्ध आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने खण्ड शिक्षाधिकारी, मंझनपुर से भी स्पष्टीकरण प्राप्त करने के निर्देश दिए।