Home उत्तर प्रदेश पीएम मोदी बुंदेलखंड के मन की बात सुनें, पृथक राज्य का करें...

पीएम मोदी बुंदेलखंड के मन की बात सुनें, पृथक राज्य का करें गठन: प्रवीण पांडेय

FATEHPUR NEWS: पृथक बुंदेलखंड राज्य की मांग को लेकर निकाली जा रही “बुंदेलखंड गांव–गांव, पांव–पांव यात्रा” छह मार्च को बांदा जिले के जसपुरा से शुरू हुई थी। यात्रा का बांदा के रामलीला मैदान में विश्राम हुआ, जबकि इसका अगला चरण मई माह में चित्रकूट से शुरू किया जाएगा। बुंदेलखंड राष्ट्र समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रवीण पांडेय ने कहा कि बुंदेलखंड की गरीबी, बेरोजगारी और पलायन की समस्या का स्थायी समाधान पृथक बुंदेलखंड राज्य के निर्माण से ही संभव है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के समुचित विकास और युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए यह आंदोलन जरूरी है।
प्रवीण पांडेय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बुंदेलखंड के मन की बात सुननी चाहिए और पृथक बुंदेलखंड राज्य के गठन की दिशा में पहल करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यह यात्रा बुंदेलखंड के सम्मान, स्वाभिमान और अधिकार की लड़ाई है, जिसे जन-जन के सहयोग से निर्णायक मुकाम तक पहुंचाया जाएगा। गांव-गांव से मिल रहा जनसमर्थन इस बात का संकेत है कि बुंदेलखंड की जनता अपने अधिकारों के लिए जाग चुकी है और यह आंदोलन अब जनआंदोलन का रूप ले चुका है। इस बीच बुंदेलखंड राष्ट्र समिति ने आंदोलन को नई दिशा देते हुए प्रधानमंत्री के लोकप्रिय कार्यक्रम “मन की बात” को अभियान का हिस्सा बनाया है। प्रवीण पांडेय ने नागरिकों से टोल फ्री नंबर 1800-11-7800 पर कॉल कर बुंदेलखंड राज्य निर्माण की मांग रिकॉर्ड कराने की अपील की है। उन्होंने बताया कि कॉल करने पर एक बीप के बाद लगभग 40 से 45 सेकंड के भीतर अपनी बात रिकॉर्ड करनी होती है। उन्होंने युवाओं, किसानों, महिलाओं और सामाजिक संगठनों से इस अभियान को जन-जन तक पहुंचाने की अपील करते हुए कहा कि अधिक से अधिक लोग अपनी आवाज दर्ज कराएं, ताकि बुंदेलखंड की मांग राष्ट्रीय स्तर पर मजबूती से उठ सके।