लालगंज तथा लीलापुर थाना क्षेत्र में घटित घटनाओं की पड़ताल में जुटी पुलिस
PRATAPGARH NEWS: दो थाना क्षेत्रों में शिक्षिकाओं के साथ दिनदहाड़े छिनैती के प्रयास की घटनाओं को लेकर सोमवार को दहशत का माहौल बन गया। पहली घटना लालगंज कोतवाली के गौतमपुर गांव के समीप हुई। राजकीय बालिका इण्टर कालेज में शिक्षिका डा. शालिनी बाला सिंह सुबह साढ़े नौ बजे स्कूल के लिए स्कूटी से जा रही थीं। इसी बीच बाइक सवार दो अज्ञात बदमाश आये और शिक्षिका के सोने की कान की बाली तथा सोने की चेन छीनने का प्रयास करने लगे। शिक्षिका ने साहसिक ढंग से बाली तथा चेन गेहूं के खेत में फेंक दी। घटना की जानकारी मिलते ही प्रभारी निरीक्षक आलोक कुमार भारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गये। पुलिस ने घण्टों खोजबीन के बाद चेन को बरामद कर लिया। घटना की जानकारी मिलने पर लालगंज सीओ आशुतोष मिश्रा भी मौके पर पहुंच गये। पीड़िता शिक्षिका ने घटना को लेकर पुलिस को तहरीर दी है। प्रभारी निरीक्षक आलोक कुमार का कहना है तहरीर मिली है मुकदमा दर्ज कर बदमाशों को जेल भेजा जायेगा। दूसरी घटना सोमवार को ही लीलापुर थाना क्षेत्र के पूरनपुर खजूर गांव में स्थित प्राथमिक विद्यालय के अन्दर घटित हुई है। चैकाने वाली घटना में बदमाश सुबह करीब ग्यारह बजे स्कूल के अंदर कक्ष में घुस गये। बदमाशों ने कक्ष में शिक्षिका माया सिंह पर तमंचा सटा दिया। बदमाशों ने शिक्षिका की चेन को छीनने लगे तब उसने शोर मचा दिया। आधी चेन बदमाश लेकर भाग निकले। विद्यालय के अन्दर बदमाशों का दुस्साहस देखकर ग्रामीण भी अचम्भित हो उठे। शिक्षिका ने घटना के बाबत लीलापुर थाने में तहरीर दी है। सीओ लालगंज आशुतोष मिश्रा का कहना है केस दर्ज कर बदमाशों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। एक ही दिन में दिनदहाड़े हुई वारदातों से दहशत का माहौल बना देखा गया।







