Home उत्तर प्रदेश मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा खड्डा तहसील के निजी अस्पतालों का औचक निरीक्षण

मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा खड्डा तहसील के निजी अस्पतालों का औचक निरीक्षण

KUSHINAGAR NEWS: कुशीनगर जिले के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा0 चन्द्र प्रकाश द्वारा खड्डा तहसील क्षेत्र में संचालित निजी अस्पतालों का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान नेबुआ नौरंगिया ब्लॉक में संचालित जीवन ज्योति हॉस्पिटल, अपना हॉस्पिटल एवं सेवा हॉस्पिटल की गहन जांच की गई। निरीक्षण के दौरान अस्पतालों में उपस्थित चिकित्सकों एवं पैरामेडिकल स्टाफ की उपलब्धता की जानकारी ली गई तथा अस्पताल परिसर, ऑपरेशन थिएटर (ओ०टी०) की साफ-सफाई एवं रखरखाव, वार्डों में भर्ती मरीजों की स्थिति सहित उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं का निरीक्षण किया गया। इसके उपरांत खड्डा ब्लॉक में संचालित मेडिसिटी मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल का भी निरीक्षण किया गया, जहां चिकित्सकों एवं पैरामेडिकल स्टाफ की उपस्थिति, संचालित मेडिकल स्टोर, भर्ती मरीजों तथा ओ०टी० की साफ-सफाई एवं व्यवस्थाओं का अवलोकन किया गया। निरीक्षण के दौरान जिन अस्पतालों में चिकित्सक एवं पैरामेडिकल स्टाफ अनुपस्थित पाए गए, उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। साथ ही संबंधित ब्लॉक के अधीक्षक/प्रभारी चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित किया गया कि अस्पतालों में पंजीकृत/नामित चिकित्सकों एवं पैरामेडिकल स्टाफ की उपस्थिति का समय-समय पर भौतिक सत्यापन करते हुए इसकी सूचना मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय को उपलब्ध कराएं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने स्पष्ट किया कि निजी अस्पतालों में पंजीकृत चिकित्सकों के बार-बार अनुपस्थित पाए जाने पर जिलाधिकारी महोदय के निर्देशानुसार संबंधित अस्पताल का पंजीकरण निरस्त करते हुए संबंधित चिकित्सक के विरुद्ध विधिक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।