Home Blog ईद के बाद शुरू कराया जाय मूल्यांकन.. डा हरि प्रकाश यादव

ईद के बाद शुरू कराया जाय मूल्यांकन.. डा हरि प्रकाश यादव

9
0

एकजुट के प्रदेश संरक्षक ने यूपी बोर्ड परीक्षा संपन्न होने पर बोर्ड सचिव को दी बधाई
समस्याओं का शीघ्र निस्तारण होगा रू सचिव भगवती सिंह
प्रातःकाल एक्सप्रेस
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ (एकजुट) के प्रदेश संरक्षक डा हरि प्रकाश यादव ने यूपी बोर्ड परीक्षा सकुशल संपन्न होने पर बोर्ड सचिव  भगवती सिंह को आज यूपी बोर्ड मुख्यालय में बधाई दिया। इस दौरान एकजुट के प्रदेश संरक्षक डा हरि प्रकाश यादव ने सचिव भगवती सिंह को ज्ञापन सौंपा जिसमें मांग की गयी है कि यूपी बोर्ड की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन ईद पर्व के पश्चात कराया जाये।
एकजुट के ज्ञापन मे कहां गया है कि कापियों का 18 मार्च से मूल्यांकन कार्य होने जा रहा है, जबकि शिक्षा निदेशक माध्यमिक द्वारा जारी अवकाश कैलेण्डर में 20 मार्च शुक्रवार को जुमा अलविदा एवं 21 मार्च को ईद उल फितर का सार्वजनिक अवकाश घोषित है परंतु जब मूल्यांकन कार्य होता है तो उस समय कोई अवकाश नहीं दिया जाता है यहां तक कि रविवार को भी काफियों का मूल्यांकन कराया जाता है । होली की तरह ईद भी एक महत्वपूर्ण त्यौहार है, यदि मूल्यांकन 18 मार्च से शुरू होता है तो बीच में ईद पर्व के कारण मूल्यांकन कार्य प्रभावित होगा इसलिए उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन ईद के बाद शुरू कराया जाय।
एकजुट के प्रतिनिधि मंडल ने बोर्ड परीक्षाओं से संबंधित नाम संशोधन  की प्रक्रिया में आ रही व्यावहारिक कठिनाइयों का मुद्दा भी उठाया। संगठन ने बताया कि वर्तमान में नाम संशोधन के लिए टीसी पर काउंटर साइन की अनिवार्यता रखी गई है,जिसके कारण कई बार छात्र – छात्राओं को अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ता है। विशेषकर जब छात्र विद्यालय से दूर होते हैं या परीक्षा के बाद अन्य स्थानों पर चले जाते हैं, तब काउंटर शाइन कराना कठिन हो जाता है। इस कारण कई छात्रों के नाम संशोधन के प्रकरण समय पर पूर्ण नहीं हो पाते। एकजुट शिक्षक संघ के प्रतिनिधिमंडल ने सचिव से अनुरोध किया कि छात्रों के हित को ध्यान में रखते हुए इस प्रक्रिया को सरल बनाया जाए तथा टीसी प्रति हस्ताक्षर की अनिवार्यता में व्यावहारिक समाधान निकाला जाए, ताकि छात्रों को अनावश्यक परेशानी से बचाया जा सके।
यूपी बोर्ड के सचिव भगवती सिंह ने प्रतिनिधिमंडल द्वारा उठाए गए सभी बिंदुओं को गंभीरता से सुना और शीघ्र समस्याओं के निस्तारण का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में परिषद स्तर पर सकारात्मक विचार कर आवश्यक निर्णय लिया जाएगा। इस अवसर पर एकजुट के प्रतिनिधिमंडल में जिला अध्यक्ष देवराज सिंह, प्रदेश आय व्यय निरीक्षक सुरेंद्र प्रताप सिंह, प्रदेश मीडिया प्रभारी सुधाकर ज्ञानार्थी मंडल अध्यक्ष मिथिलेश कुमार मौर्य, जिला मंत्री डीपी यादव सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित रहे। एकजुट के प्रदेश संरक्षक डा हरि प्रकाश यादव ने आशा व्यक्त किया है कि परिषद शिक्षकों एवं छात्रों की समस्याओं को ध्यान में रखते हुए शीघ्र ही उचित निर्णय लेगी।