LAKHIMPUR KHERI NEWS: बेहजम क्षेत्र में सोमवार को एक सड़क हादसे में साइकिल सवार मां-बेटी को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। इस घटना में मां गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है।जानकारी के अनुसार, सीतापुर जनपद के इमलिया सुल्तानपुर थाना क्षेत्र के नौरंगपुर निवासी मैना देवी (पत्नी सुरेश चंद) अपनी पुत्री पल्लवी के साथ साइकिल से बेहजम कस्बे की ओर जा रही थीं। जब वे भूलनपुर के पास पहुंचीं, तभी बेहजम की तरफ से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उनकी साइकिल को जोरदार टक्कर मार दी।टक्कर इतनी भीषण थी कि मां-बेटी दोनों सड़क पर गिरकर घायल हो गईं। इस हादसे में मैना देवी को गंभीर चोटें आईं, जबकि उनकी पुत्री पल्लवी को मामूली खरोंचें आईं।हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। सूचना मिलते ही बेहजम पुलिस चौकी प्रभारी संदीप यादव और दीवान निसार अहमद मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को एंबुलेंस के जरिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेहजम पहुंचाया।सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेहजम में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने मैना देवी की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल ओयल मोतीपुर रेफर कर दिया। पुलिस घटना की जानकारी जुटा रही है और अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी हुई है।







