योग प्रशिक्षक कमलेश मिश्रा ने स्वयंसेवकों को कराया योगाभ्यास
JHANSI NEWS: रानी लक्ष्मीबाई केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, झाँसी के राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के विशेष शिविर का आयोजन कुलपति डॉ. अशोक कुमार सिंह के निर्देशन में ग्राम सिमरधा में किया जा रहा है। इसी क्रम में शिविर के तीसरे दिन विविध जनजागरूकता एवं सामुदायिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इन गतिविधियों के माध्यम से स्वयंसेवकों ने ग्रामीणों को स्वास्थ्य, सड़क सुरक्षा तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम की शुरुआत प्रातःकालीन योग सत्र से हुई। इसमें योग प्रशिक्षक कमलेश मिश्रा ने एनएसएस स्वयंसेवकों को विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया। उन्होंने बताया कि नियमित योग से शरीर स्वस्थ और मन शांत रहता है, इससे व्यक्ति अपने दैनिक कार्यों को अधिक ऊर्जा और एकाग्रता के साथ कर सकता है। योग सत्र में सभी स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इसके पश्चात एनएसएस स्वयंसेवकों द्वारा ग्राम सिमरधा में सड़क सुरक्षा जागरूकता रैली निकाली गई। रैली के दौरान छात्र-छात्राओं ने हाथों में तख्तियां लेकर हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, तेज गति से वाहन न चलाने तथा यातायात नियमों का पालन करने के संदेश ग्रामीणों तक पहुँचाए। रैली के माध्यम से ग्रामीणों को सड़क दुर्घटनाओं से बचाव के प्रति जागरूक किया गया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित ट्रैफिक पुलिस इंस्पेक्टर देवेन्द्र शर्मा ने सड़क सुरक्षा विषय पर विशेष व्याख्यान दिया। उन्होंने ग्रामीणों और स्वयंसेवकों को यातायात नियमों की जानकारी देते हुए बताया कि सड़क पर चलते समय सभी को नियमों का पालन करना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सड़क संकेतों के रंगों का महत्व, ड्राइविंग लाइसेंस की आवश्यकता, यातायात उल्लंघन पर लगने वाले जुर्माने तथा वाहन बीमा की अनिवार्यता के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता और नियमों के पालन से दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकती है। शिविर के सायंकालीन सत्र में विद्यार्थियों के लिए “पर्यावरण संरक्षण” विषय पर पोस्टर निर्माण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने आकर्षक एवं संदेशपूर्ण पोस्टरों के माध्यम से वृक्षारोपण, जल संरक्षण और स्वच्छ पर्यावरण के महत्व को रचनात्मक ढंग से प्रस्तुत किया। एनएसएस विशेष शिविर के तीसरे दिन आयोजित इन कार्यक्रमों के माध्यम से स्वयंसेवकों ने ग्रामीणों के साथ संवाद स्थापित करते हुए समाज में जागरूकता फैलाने का सराहनीय प्रयास किया। डॉ. आर.पी. यादव, डॉ बीजी लक्ष्मी, डॉ. राकेश नेगी एवं डॉ. विनोद कुमार ने बताया कि शिविर के आगामी दिनों में भी इसी प्रकार की सामाजिक एवं शैक्षिक गतिविधियाँ आयोजित की जाएँगी, जिससे ग्रामीणों को विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर जागरूक किया जा सके।







