LAKHIMPUR KHERI NEWS: सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) निघासन में प्रसव के बाद मिलने वाली सरकारी प्रोत्साहन राशि के लिए एक प्रसूता को लंबे समय से चक्कर काटने पड़ रहे हैं। एक साल बीत जाने के बाद भी राशि न मिलने से परेशान महिला ने अंततः मुख्यमंत्री पोर्टल आईजीआरएस पर शिकायत दर्ज कर सहायता राशि दिलाने की मांग की है।ग्राम नंदापुरवा लुधौरी निवासी ममता देवी पत्नी दीनदयाल का प्रसव 28 दिसंबर 2024 को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निघासन में हुआ था। प्रसव के बाद सरकारी योजना के तहत मिलने वाली प्रोत्साहन राशि के लिए उनका जननी सुरक्षा योजना (जेएसवाई) का फार्म भरकर सीएचसी के ब्लॉक अकाउंट मैनेजर प्रदीप गुप्ता के कार्यालय में जमा कराया गया था।आरोप है कि लगभग एक वर्ष बीत जाने के बावजूद भी प्रसूता को 1400 रुपये की प्रोत्साहन राशि नहीं मिली। सोमवार को जब ममता देवी सीएचसी पहुंचकर ब्लॉक अकाउंट मैनेजर से राशि के संबंध में जानकारी लेने गईं तो उन्होंने कथित रूप से नाराज होकर उन्हें कार्यालय से भगा दिया।प्रोत्साहन राशि पाने की उम्मीद में कई बार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चक्कर लगाने के बाद भी जब कोई समाधान नहीं निकला तो थक हारकर प्रसूता ने मुख्यमंत्री पोर्टल आईजीआरएस पर शिकायत दर्ज कराते हुए सहायता राशि दिलाने की मांग की है। इस संबंध में सीएचसी निघासन के अधीक्षक डॉ. कुलदीप कुमार ने बताया कि वह इस समय सीएमओ की बैठक में जा रहे हैं। मामले की जानकारी लेकर बाद में समस्या का समाधान कराया जाएगा।







