Home उत्तर प्रदेश होली पर कड़ी सुरक्षा, ड्रोन से की जा रही निगरानी, 300 पुलिस...

होली पर कड़ी सुरक्षा, ड्रोन से की जा रही निगरानी, 300 पुलिस बल तैनात

BALRAMPUR NEWS: कमाल खान (ब्यूरो प्रमुख) बलरामपुर पुलिस ने आगामी होली पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए व्यापक सुरक्षा तैयारियां पूरी कर ली हैं। पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने बताया कि जनपद में चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। एसपी विकास कुमार ने बताया कि जिले के सभी थानों में पर्याप्त पुलिस बल, पीएसी बल और लगभग 300 से 350 प्रशिक्षणरत रिक्रूट आरक्षियों को ड्यूटी पर तैनात किया गया है। विभिन्न कार्यालयों के कर्मियों को भी आवश्यकतानुसार तैनात किया गया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति से निपटा जा सके।
प्रत्येक थाने को एक सरकारी ड्रोन उपलब्ध कराया गया है। इसके माध्यम से होलिका दहन स्थलों और संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार निगरानी की जाएगी। भीड़भाड़ वाले इलाकों पर ड्रोन से विशेष नजर रखी जाएगी। पुलिस द्वारा आज और कल फ्लैग मार्च भी किया जा रहा है, जिससे आमजन में सुरक्षा का भरोसा बढ़े। होलिका दहन स्थलों की सूची तैयार कर ली गई है और संबंधित आयोजकों से बंध पत्र भरवाए गए हैं। पुलिस टीमें होलिका समितियों और स्थानीय नागरिकों के लगातार संपर्क में हैं। फिलहाल, कहीं से किसी विवाद की कोई सूचना नहीं मिली है। एसपी ने स्पष्ट किया कि पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है और हर परिस्थिति पर पैनी नजर बनाए हुए है, ताकि होली का पर्व शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।