KAUSHAMBI NEWS: जनपद के विकासखंड नेवादा स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय पेरई के कक्षा 8 के छात्र शशि कुमार पुत्र सुरजीत कुमार ने अपनी प्रतिभा का परिचय देते हुए विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय, भारत सरकार की प्रतिष्ठित इंस्पायर अवार्ड मानक योजना में स्थान प्राप्त किया है। छात्र का यूनिक आइडिया “बिना बिजली का फ्रिज” चयनित हुआ है, जिसके लिए उसे विज्ञान मॉडल तैयार करने के लिए 10 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी। शशि कुमार ने यह अभिनव मॉडल तैयार कर प्रस्तुत किया था, जिसका उद्देश्य बिना बिजली के भी खाद्य पदार्थों को सुरक्षित रखने का सरल और उपयोगी समाधान देना है। उसके इस नवाचार को चयन समिति ने सराहते हुए इंस्पायर अवार्ड मानक योजना के अंतर्गत चयनित किया। अब छात्र जिला स्तर पर आयोजित होने वाली विज्ञान प्रदर्शनी एवं परियोजना प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेगा। छात्र की इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार में हर्ष का माहौल है। छात्र को इस मुकाम तक पहुंचाने में राज्य पुरस्कार प्राप्त शिक्षक हरिओम सिंह व शिक्षक चक्रपाणि मिश्रा का विशेष मार्गदर्शन रहा। शिक्षकों ने बताया कि शशि कुमार पढ़ाई के साथ-साथ विज्ञान के नए प्रयोगों और नवाचारों में गहरी रुचि रखता है। विद्यालय के शिक्षकों ने छात्र की इस सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनेगी और वे भी विज्ञान व नवाचार के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित होंगे।







