शंकरगढ़ । विकासखंड शंकरगढ़ के गोबरा गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय मैदान में गुरुवार को ‘होली प्रीमियर लीग’ क्रिकेट प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन डॉ. वाचस्पति ने फीता काटकर किया।
उद्घाटन के बाद विधायक बारा ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि क्रिकेट आज देश ही नहीं, बल्कि विश्व स्तर पर लोकप्रिय खेल बन चुका है। खेल युवाओं में अनुशासन, एकजुटता और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करता है। उन्होंने खिलाड़ियों को निरंतर अभ्यास और समर्पण के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। प्रतियोगिता का पहला मुकाबला शंकरगढ़ और नारीबारी की टीमों के बीच खेला गया। टॉस जीतकर नारीबारी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए छह ओवर में 48 रन बनाए। जवाब में शंकरगढ़ की टीम ने आक्रामक खेल का प्रदर्शन करते हुए तीन विकेट के नुकसान पर चार ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर शानदार जीत दर्ज की। रोमांचक मुकाबले का दर्शकों ने खूब आनंद लिया और तालियों से खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया। इस अवसर पर लखन लाल त्रिपाठी, डॉ. विनोद त्रिपाठी, त्रिलोकी नाथ मिश्रा, ज्ञान बाबू विश्वकर्मा, रामचंद्र त्रिपाठी, गुलाब सिंह, राम मिलन, शिवम राठौर एवं सोनू सिंह सहित क्षेत्र के तमाम समाजसेवी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।







