प्रयागराज। इलाहाबाद संग्रहालय में आज प्रभारी निदेशक/ मंडल आयुक्त प्रयागराज Saumya Agarwal IAS की अध्यक्षता में आयोजित महत्वपूर्ण बैठक में संग्रहालय के सुदृढ़ीकरण एवं जनसहभागिता बढ़ाने को लेकर कई अहम निर्णय लिए गए।
बैठक में पुनर्नवीनीकृत सुमित्रानंदन पंत लिटरेरी गैलरी के उद्घाटन हेतु विस्तृत प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए गए। इस गैलरी में सुमित्रानंदन पंत, रामधारी सिंह दिनकर, महादेवी वर्मा एवं सूर्यकान्त त्रिपाठी निराला सहित प्रयागराज के प्रमुख साहित्यकारों से जुड़ी दुर्लभ धरोहरें, पांडुलिपियाँ और ऑडियो-विजुअल सामग्री प्रदर्शित की जाएगी। उद्देश्य है कि नई पीढ़ी को समृद्ध साहित्यिक विरासत से जोड़ा जा सके।

बैठक में निर्णय लिया गया कि प्रत्येक माह न्यूनतम चार कार्यक्रमों का आयोजन सुनिश्चित किया जाएगा। इसके लिए वार्षिक एवं मासिक इवेंट कैलेंडर तैयार कर व्यापक मीडिया प्रचार-प्रसार किया जाएगा, जिससे अधिक से अधिक नागरिक संग्रहालय की गतिविधियों से जुड़ सकें।
छात्रों के लिए विशेष शैक्षिक पैकेज तैयार करने, उनके अनुभव (टेस्टीमोनियल्स) को संग्रहालय की वेबसाइट पर प्रदर्शित करने तथा शैक्षणिक संस्थानों के साथ समन्वय बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए।

इसके अतिरिक्त 27 फरवरी को चन्द्र शेखर आजाद के शहादत दिवस तथा 28 फरवरी को स्थापना दिवस पर विशेष कार्यक्रम आयोजित करने की रूपरेखा तय की गई।
बैठक में प्रस्तावित लिफ्ट स्थापना, प्रदर्शनी सहयोग योजनाओं तथा अतिथि गृह के जीर्णोद्धार से संबंधित कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने पर भी बल दिया गया, ताकि आगंतुकों को बेहतर सुविधाएँ उपलब्ध कराई जा सकें।







