Home उत्तर प्रदेश एसपीईएल 3.0 के तहत छात्राओं को मिला पुलिसिंग का लाइव अनुभव, बढ़ा...

एसपीईएल 3.0 के तहत छात्राओं को मिला पुलिसिंग का लाइव अनुभव, बढ़ा आत्मविश्वास

JHANSI NEWS:  युवा मामले एवं खेल मंत्रालय द्वारा संचालित एसपीईएल (छात्र-पुलिस अनुभवात्मक प्रशिक्षण कार्यक्रम) 3.0 के अंतर्गत जनपद झांसी के महिला थाना परिसर में एसपीईएल 3.0 कार्यक्रम के अंतर्गत छात्राओं को एंटी रोमियो टीम एवं मिशन शक्ति टीम के साथ क्षेत्र में भ्रमण कर पुलिस कार्यप्रणाली की जानकारी दी गई। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को महिला सुरक्षा संबंधी कानूनों, पुलिस की कार्यवाही की प्रक्रिया तथा ऑनलाइन शिकायत प्रणाली से अवगत कराना रहा। इस अवसर पर छात्राओं को एंटी रोमियो टीम द्वारा की जाने वाली कार्यवाही के बारे में विस्तार से बताया गया। टीम ने समझाया कि किस प्रकार सार्वजनिक स्थलों पर महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जाती है तथा शिकायत मिलने पर त्वरित कार्रवाई कैसे की जाती है। मिशन शक्ति टीम ने महिला सशक्तिकरण, आत्मरक्षा, साइबर अपराध से बचाव तथा हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी साझा की। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को रजिस्टर में प्रविष्टि (एंट्री) करने की प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। उन्हें बताया गया कि किसी भी शिकायत या सूचना को किस प्रकार विधिवत दर्ज किया जाता है तथा अभिलेखों का संधारण कैसे किया जाता है। इसके साथ ही ऑनलाइन शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया, पोर्टल के माध्यम से कार्यवाही की स्थिति देखने और आवश्यक दस्तावेज अपलोड करने की जानकारी भी दी गई। क्षेत्र भ्रमण के दौरान छात्राओं ने एंटी रोमियो टीम के साथ विभिन्न सार्वजनिक स्थलों का निरीक्षण किया और मौके पर की जाने वाली कार्यवाही को समझा। पुलिस अधिकारियों ने उन्हें भरोसा दिलाया कि किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, उत्पीड़न या आपराधिक घटना की स्थिति में पुलिस तुरंत कार्रवाई के लिए प्रतिबद्ध है।