पीएम श्री योजना के तहत जनपद स्तरीय खेलकूद व सांस्कृतिक समारोह में दिखा हुनर और हौसला
JAUNPUR NEWS: पीएम श्री योजना के अंतर्गत चयनित विद्यालयों के लिए जनपद स्तरीय खेलकूद एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन मो० हसन इंटर कॉलेज के खेल मैदान में उत्साह और उमंग के बीच भव्य रूप से संपन्न हुआ। कार्यक्रम में जिले भर के छात्र-छात्राओं ने खेल और संस्कृति के रंग बिखेरे। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिलाधिकारी डॉ०दिनेश चंद्र ने दीप प्रज्वलित कर एवं मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि शासन के निर्देशानुसार आयोजित “हमारा आंगन, हमारे बच्चे” कार्यक्रम का उद्देश्य बेसिक शिक्षा को मजबूत बनाना और बच्चों को सकारात्मक शैक्षिक वातावरण प्रदान करना है।जिलाधिकारी ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार कायाकल्प योजना के माध्यम से विद्यालयों में बेहतर सुविधाएं विकसित कर रही है, जिससे बच्चों में ऊर्जा, आत्मविश्वास और प्रतिस्पर्धा की भावना का संचार हो रहा है। उन्होंने बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ०गोरखनाथ पटेल के नेतृत्व में जनपद में निपुण कार्यक्रम के अंतर्गत किए जा रहे कार्यों की सराहना की और शिक्षकों के प्रयासों को प्रशंसनीय बताया।उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा गांव, तहसील और जनपद स्तर पर प्रतियोगिताओं के आयोजन से बच्चों की प्रतिभा को मंच मिल रहा है। उन्होंने बेसिक शिक्षा परिषद के बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि वे किसी भी निजी विद्यालय के छात्रों से कम नहीं हैं।
ऑपरेशन सिंदूर ने जीता दिल
सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान “ऑपरेशन सिंदूर” की प्रस्तुति ने सभी का मन मोह लिया। देशभक्ति गीत, समूह नृत्य, नाटक और अन्य प्रस्तुतियों ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को अतिथियों द्वारा सम्मानित किया गया।







