Home उत्तर प्रदेश प्रदेश सरकार बेहतर चिकित्सकीय सुविधा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्धःडिप्टी सीएम

प्रदेश सरकार बेहतर चिकित्सकीय सुविधा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्धःडिप्टी सीएम

सीएचसी सुरियावां का उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने किया निरीक्षण, उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति का जायजा

BHADOHI NEWS:  उप मुख्यमंत्री उ.प्र.ब्रजेश पाठक का शुक्रवार को सुरियावां के चैगुना में आगमन हुआ। हेलीपैड स्थल पर जिला पंचायत अध्यक्ष अनिरुद्ध त्रिपाठी, भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक मिश्र, पूर्व विधायक रवींद्रनाथ त्रिपाठी सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने शिष्टाचार भेंट कर स्वागत एवं अभिनन्दन किया। डीएम शैलेश कुमार एवं एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। इस दौरान डिप्टी सीएम सीएचसी सुरियावां का निरीक्षण करने पहुंचे। जहां पर उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया। वेटिंग हाल में बैठी बुजुर्ग मरीज कुसुम देवी से उन्होंने आत्मीयता पूर्वक वार्ता की। मरीज द्वारा पैर में दर्द की समस्या बताई गई, जिस पर डिप्टी सीएम ने जांच रिपोर्ट शीघ्र उपलब्ध कराकर समुचित उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मरीज के पति के अंगुली में चोट लगने की जानकारी मिलने पर उन्होंने स्वयं महिला मरीज के मोबाइल से वार्ता कर अपने पास बुलवाया तथा बेहतर उपचार का आश्वासन दिया। प्रतीक्षालय में बैठी दूसरी मरीज चन्दा देवी से भी उन्होंने बातचीत कर उपचार एवं दवा उपलब्धता की जानकारी ली। मरीजों ने संतोषजनक सेवाएं मिलने की पुष्टि की। डिप्टी सीएम ने सीएचसी में जन्मे बच्चों का अपने हाथों से बर्थ सर्टिफिकेट प्रदान करते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। डिप्टी सीएम ने सीएचसी के इमरजेंसी ब्लॉक का निरीक्षण कर भर्ती मरीजों का हाल-चाल जाना। उपलब्ध दवाओं की जानकारी ली। आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था से वे संतुष्ट दिखाई दिए।ओपीडी कक्ष का निरीक्षण करते हुए उन्होंने मरीजों से पूछा कि उन्हें उपचार एवं दवाएं समय से मिल रही हैं या नहीं। संतोषजनक उत्तर प्राप्त होने पर उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त की। दवा वितरण कक्ष में दवाओं की उपलब्धता का परीक्षण किया। सीएमओ डॉ.संतोष कुमार चक ने बताया कि आवश्यक जीवन रक्षक दवाएं पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं। डिप्टी सीएम ने एनबीएसयू एवं एमएनसीयू कक्ष को और अधिक सुव्यवस्थित करने के निर्देश दिए। दिव्यांग, महिला एवं सामान्य शौचालयों का निरीक्षण कर स्वच्छता व्यवस्था को और बेहतर बनाने पर बल दिया। अस्पताल परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था पर संतोष व्यक्त करते हुए आवश्यक मरम्मत कार्य शीघ्र कराने के लिए निर्देशित किया। इस मौके पर सीडीओ बालगोविंद शुक्ल, एएसपी शुभम अग्रवाल, एडीएम कुंवर वीरेंद्र मौर्य, एसडीएम अरुण गिरी, एसडीएम न्यायिक बरखा सिंह, सीओ चमन सिंह चावड़ा व सीओ अशोक कुमार मिश्र सहित अन्य अधिकारी व जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।