अभिलेखों के रख-रखाव में सुधार के निर्देश, ई-परवाना प्रकरणों के त्वरित निस्तारण के आदेश
JAUNPUR NEWS: जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चन्द्र ने मंगलवार को न्यायालय उप जिलाधिकारी सदर एवं तहसील कार्यालय के विभिन्न पटलों का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई महत्वपूर्ण प्रकरण वर्षों से लंबित पाए जाने पर उन्होंने कड़ा रुख अपनाया और संबंधित अधिकारियों को तत्काल निस्तारण के निर्देश दिए। डीएम ने स्पष्ट कहा कि 05 वर्ष, 03 वर्ष एवं 01 वर्ष से अधिक समय से लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
ई-परवाना और वरासत आदेशों की समीक्षा
तहसील अंतर्गत जारी होने वाले ई-परवाने (धारा 24, धारा 38(2) एवं अन्य धाराएं) तथा निर्विवाद वरासत से संबंधित आदेशों की गहन समीक्षा की गई। पोर्टल पर प्राप्त ई-परवाना आदेशों और विभिन्न धाराओं के अंतर्गत पारित आदेशों की प्रगति रिपोर्ट भी तलब की गई।
निरीक्षण के दौरान कई प्रकरण लंबित मिलने पर जिलाधिकारी ने असंतोष व्यक्त किया और तहसीलदार सदर को चेतावनी जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी लंबित मामलों का त्वरित निस्तारण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा।
खतौनी कक्ष और अभिलेखों का भी हुआ निरीक्षण
न्यायालय तहसीलदार एवं खतौनी कक्ष में अभिलेखों के रख-रखाव का निरीक्षण करते हुए डीएम ने शासनादेशों के समुचित संधारण और अभिलेखों की सुव्यवस्थित उपलब्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि आमजन को आवश्यक सूचनाएं आसानी से प्राप्त हों, इसके लिए कार्यालयी व्यवस्था पारदर्शी और व्यवस्थित होनी चाहिए।
लेखपालों के जीपीएफ-एनपीएस अभिलेख अपडेट करने के निर्देश
रजिस्ट्रार कानूनगो कार्यालय सदर के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने लेखपालों की जीपीएफ एवं एनपीएस पुस्तिकाओं का अवलोकन किया और उन्हें अद्यतन रखने के निर्देश दिए। इस अवसर पर उप जिलाधिकारी सदर संतवीर सिंह, तहसीलदार सदर सौरभ कुमार, नायब तहसीलदार सदर, जिला सूचना अधिकारी मनोकामना राय सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।







