Home उत्तर प्रदेश विभिन्न समस्याओं को लेकर भाकियू टिकैत गुट की हुई अहम बैठक

विभिन्न समस्याओं को लेकर भाकियू टिकैत गुट की हुई अहम बैठक

समस्याएं हल न होने पर दी आंदोलन की चेतावनी
FATEHPUR NEWS: विभिन्न समस्याओं को लेकर भारतीय किसान यूनियन (टिकैत गुट) की एक बैठक शुक्रवार को बिंदकी कस्बे के लंका रोड स्थित संगठन कार्यालय में हुई। बैठक में किसानों से जुड़ी समस्याओं पर चर्चा की गई और चेतावनी दी गई कि यदि समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो किसान आंदोलन करने को मजबूर होंगे। बैठक में तहसील अध्यक्ष कप्तान सिंह ने कहा कि क्षेत्र की कई सड़कें जर्जर हालत में हैं, जिससे आम लोगों के साथ-साथ किसानों को भी काफी परेशानी हो रही है। उन्होंने पांडु नदी और गंगा नदी के बीच लगभग तीन किलोमीटर लंबे मार्ग को तत्काल बनवाने की मांग की। इसके साथ ही बिंदकी-मुरादीपुर मार्ग से सौंह गांव को जाने वाला संपर्क मार्ग भी खराब स्थिति में है, जिसे शीघ्र ठीक कराया जाए। उन्होंने बताया कि मां ज्वाला देवी मंदिर से कुंवरपुर रोड बाईपास चौराहे तक सड़क पर जगह-जगह गड्ढे हैं, जिससे आए दिन दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। इसके अलावा आवारा मवेशियों के कारण किसानों की फसलें नष्ट हो रही हैं, इसलिए आवारा पशुओं को गौशालाओं में भेजा जाए। बैठक में यह भी कहा गया कि क्षेत्र के कई गांवों में जल निगम द्वारा बनाई गई पानी की टंकियां अधूरी पड़ी हैं और जलापूर्ति शुरू नहीं हो सकी है, जिससे लोगों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है। वहीं बकेवर थाना क्षेत्र के बांका अकबराबाद में एक व्यक्ति के मकान को गिराने की नोटिस पर भी आपत्ति जताई गई और कहा गया कि लोगों को अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए। भाकियू टिकैत गुट ने कहा कि यदि इन सभी समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो संगठन सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेगा। बैठक में तहसील महासचिव अनूप सैनी, नगर अध्यक्ष चंद्र गोविंद दुबे सहित बड़ी संख्या में किसान और ग्रामीण मौजूद रहे।