Home उत्तर प्रदेश निर्माणाधीन परियोजनाएं समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण पूरी हों : डीएम रविन्द्र सिंह

निर्माणाधीन परियोजनाएं समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण पूरी हों : डीएम रविन्द्र सिंह

FATEHPUR NEWS:  कलेक्ट्रेट स्थित महात्मा गांधी सभागार में विकास कार्यों एवं निर्माण परियोजनाओं की समीक्षा बैठक जिलाधिकारी रविन्द्र सिंह की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने केन्द्र व राज्य सरकार की विकासपरक, लाभार्थीपरक एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों एवं कार्यदायी संस्थाओं को सख्त निर्देश दिए कि सभी निर्माणाधीन परियोजनाएं गुणवत्तापूर्ण, चरणबद्ध एवं निर्धारित समयसीमा में पूरी की जाएं। जिलाधिकारी ने कहा कि शासन द्वारा संचालित सभी जनकल्याणकारी योजनाओं में प्राप्त आवेदनों का निर्धारित समय में निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि पात्र लाभार्थियों को समय पर लाभ मिल सके। उन्होंने सीएम डैशबोर्ड की फीडिंग को गंभीरता से लेते हुए निर्देश दिए कि सभी विभाग सही और अद्यतन आंकड़ों की फीडिंग समय पर करें, जिससे जनपद की रैंकिंग प्रभावित न हो। छात्रवृत्ति से संबंधित आवेदनों का शीघ्र निस्तारण कराने के निर्देश देते हुए जिलाधिकारी ने डीसी एनआरएलएम को अधिक से अधिक परिवारों को स्वयं सहायता समूहों से जोड़ने तथा जीरो पावर्टी परिवारों को प्राथमिकता से समूहों में सम्मिलित करने को कहा। साथ ही ब्लॉकवार समीक्षा नियमित रूप से करने के निर्देश दिए गए। उप कृषि निदेशक को प्रधानमंत्री कुसुम योजना के अंतर्गत लक्ष्य के अनुरूप सोलर पंप स्थापित कराने के निर्देश दिए गए। वहीं कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय के उच्चीकरण कार्य की प्रगति धीमी पाए जाने पर संबंधित कार्यदायी संस्था यूपी सीएलडीएफ के विरुद्ध शासन स्तर पर पत्राचार करने के निर्देश बेसिक शिक्षा अधिकारी को दिए गए। बैठक में यूपी सीएलडीएफ के अधिशासी अभियंता की अनुपस्थिति पर स्पष्टीकरण भी मांगा गया। जिलाधिकारी ने जिला पंचायत राज अधिकारी को व्यक्तिगत शौचालय निर्माण से जुड़े आवेदनों का शीघ्र सत्यापन कराते हुए निर्माण कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए। इसके अलावा जिला पूर्ति अधिकारी को डीसी मनरेगा से समन्वय बनाकर अन्नपूर्णा भवनों के निर्माण कार्य में तेजी लाने को कहा गया। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्थाओं को निर्देशित किया कि वे निर्माण कार्यों का नियमित निरीक्षण करें तथा भौतिक एवं वित्तीय प्रगति की अद्यतन स्थिति संबंधित पोर्टल पर समय से अपडेट करें। इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी, परियोजना निदेशक डीआरडीए, जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी, जल निगम ग्रामीण, जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी, जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।