महिलाओं को किया गया जागरूक व सशक्त
FATEHPUR NEWS: महिलाओं एवं बालिकाओं के उत्थान, स्वावलंबन और सशक्तिकरण के उद्देश्य से जनपद में मिशन शक्ति फेज 5.0 के तहत “बहु-बेटी सम्मेलन” का भव्य आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जनपद के विभिन्न थानों द्वारा आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं, किशोरियों एवं परिवारों ने सहभागिता की। सम्मेलन के माध्यम से महिलाओं एवं बालिकाओं को साइबर अपराध, नारी सुरक्षा, महिला सशक्तिकरण, स्वावलंबन, दहेज मृत्यु, अपहरण जैसी गंभीर सामाजिक समस्याओं के प्रति जागरूक किया गया। इस अभियान में शक्ति दीदियों, आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों और आशा बहुओं के साथ समन्वय स्थापित कर गांवों एवं स्कूलों में जागरूकता कार्यक्रम चलाए गए। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों, मानसिक स्वास्थ्य, व्यक्तिगत सुरक्षा, सरकारी कल्याणकारी योजनाओं तथा विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही उन्हें बताया गया कि किसी भी प्रकार की परेशानी या हिंसा की स्थिति में वे किस तरह से पुलिस व प्रशासन से मदद प्राप्त कर सकती हैं। इसके अतिरिक्त स्कूलों एवं कॉलेजों में भी विशेष अभियान चलाकर युवाओं को अपराध के दुष्परिणामों के बारे में जागरूक किया गया और उन्हें सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि महिलाओं एवं बेटियों की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता से ही दहेज, घरेलू हिंसा, साइबर अपराध एवं महिला उत्पीड़न जैसी सामाजिक बुराइयों पर प्रभावी नियंत्रण संभव है। बहु-बेटी सम्मेलन के माध्यम से महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ा है और वे अपने अधिकारों के प्रति अधिक सजग हुई हैं। इस आयोजन से जनपद में महिला सशक्तिकरण को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।







