KAUSHAMBI NEWS: कोखराज के कल्यानपुर गांव के पास हाइवे पर शुक्रवार को सड़क हादसे में बाइक सवार एक ही परिवार के तीन लोग घायल हो गए। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा। प्रयागराज के नवाबगंज थाना क्षेत्र के कौड़ीहर गांव के थाना निवासी ओमप्रकाश मौर्या (40) अपनी पत्नी उजाला मौर्या (35) और पुत्र युवराज मौर्या (10) के साथ बाइक से सैनी की तरफ से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान लगभग साढ़े तीन बजे कोखराज थाना क्षेत्र के कल्यानपुर के पास अज्ञात वाहन ने पीछे से टक्कर मार दी, जिससे तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में उजाला मौर्या के सिर में गंभीर चोटें आई हैं। सूचना मिलते ही चौकी शाहजादपुर के प्रभारी गणेश कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायलों को तत्काल सरकारी एंबुलेंस की मदद से सीएचसी सिराथू भेजवाया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
पुलिस के मुताबिक हादसे के बाद हाईवे पर यातायात सुचारू रूप से संचालित होता रहा। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी हुई है।







