AMETHI NEWS: कांग्रेस पार्टी द्वारा चलाए जा रहे मनरेगा बचाओ कार्यक्रम के तहत भेटूआ ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने सरुवावा ग्राम पंचायत में चौपाल का आयोजन किया। इस दौरान मनरेगा मजदूरों को योजना से मिलने वाले लाभों की जानकारी दी गई और उन्हें उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया। चौपाल को संबोधित करते हुए जिला मनरेगा कोऑर्डिनेटर राम लखन शुक्ला ने कहा कि पहले मनरेगा योजना में केंद्र सरकार की भागीदारी 80 से 90 प्रतिशत तक होती थी, लेकिन भाजपा सरकार ने इसे घटाकर 40 प्रतिशत कर दिया है, जबकि राज्य सरकार पर 60 प्रतिशत खर्च का बोझ डाल दिया गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार पहले से ही आर्थिक संकट से जूझ रही है, ऐसे में मनरेगा के लिए पर्याप्त धन उपलब्ध करा पाना मुश्किल होगा, जो मजदूरों के हित में नहीं है। ब्लॉक अध्यक्ष अजीत यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार मनरेगा योजना को कमजोर कर धीरे-धीरे बंद करने की साजिश कर रही है। उन्होंने कहा कि यह सरकार केवल पूंजीपतियों की सरकार है, न कि मजदूरों और किसानों की। उन्होंने लोगों से अपने अधिकारों के लिए जागरूक होकर संघर्ष करने की अपील की। इस अवसर पर ब्लॉक उपाध्यक्ष कमलेश मिश्रा सहित ब्रह्म प्रकाश, विजय कुमार त्रिपाठी, राम भुवाल, राजेश सिंह, अंबुज मिश्रा, जगदीश सिंह एवं अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।







