Home उत्तर प्रदेश एग्रीस्टेक योजना के तहत फार्मर रजिस्ट्री को लेकर प्रचार वाहन रवाना

एग्रीस्टेक योजना के तहत फार्मर रजिस्ट्री को लेकर प्रचार वाहन रवाना

डीएम ने दिखाई हरी झंडी
FATEHPUR NEWS: एग्रीस्टेक (डिजिटल एग्रीकल्चर) योजनांतर्गत कृषकों की फार्मर रजिस्ट्री बनाए जाने को लेकर शुक्रवार को जिलाधिकारी रविन्द्र सिंह ने कलेक्ट्रेट परिसर से जनपद के सभी 13 विकास खंडों के लिए प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह प्रचार वाहन 16 जनवरी से 10 फरवरी 2026 तक प्रतिदिन जनपद के समस्त विकास खंडों के राजस्व ग्रामों में भ्रमण कर किसानों को फार्मर रजिस्ट्री आईडी बनवाने की आवश्यकता और इसके लाभों की जानकारी देगा। जिलाधिकारी ने बताया कि जिन किसानों ने अभी तक अपनी फार्मर आईडी नहीं बनवाई है, उनके लिए यह अत्यंत आवश्यक है। फार्मर आईडी के बिना किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना सहित कई महत्वपूर्ण सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ नहीं मिल पाएगा। प्रशासन द्वारा किसानों को जागरूक करते हुए बताया गया कि फार्मर आईडी नहीं होने पर पीएम किसान सम्मान निधि की किस्त, कृषि यंत्रीकरण, खाद-बीज अनुदान, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत मुआवजा, न्यूनतम समर्थन मूल्य पर फसलों की बिक्री, किसान क्रेडिट कार्ड सहित अन्य कृषि अनुदान और भविष्य की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिल सकेगा। वहीं फार्मर आईडी बनवाने के लाभ भी विस्तार से बताए गए। इसके माध्यम से किसानों को पीएम किसान योजना का निर्बाध लाभ मिलेगा, विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ बिना बार-बार सत्यापन के प्राप्त होता रहेगा, न्यूनतम समर्थन मूल्य पर फसलों की बिक्री में आसानी होगी तथा फसल नुकसान की स्थिति में वास्तविक क्षति का मुआवजा प्राप्त करने में सुविधा मिलेगी। फार्मर रजिस्ट्री कराने के लिए किसानों को आधार कार्ड, खतौनी और आधार से लिंक मोबाइल नंबर के साथ जनसेवा केंद्र, सहायक ऐप, सेल्फ ऐप, कृषि विभाग या राजस्व विभाग के क्षेत्रीय कर्मचारियों से संपर्क करने की अपील की गई है। किसी भी प्रकार की समस्या होने पर हेल्पडेस्क फार्मर रजिस्ट्री, फतेहपुर के मोबाइल नंबर 7839882347 पर संपर्क किया जा सकता है। बताते चलें कि जनपद फतेहपुर में कुल 3,71,253 किसानों की फार्मर रजिस्ट्री किया जाना लक्ष्य है, जिसके सापेक्ष अब तक 2,56,000 किसानों की फार्मर रजिस्ट्री आईडी बन चुकी है, जबकि लगभग 1,15,000 किसानों की रजिस्ट्री अभी शेष है। प्रचार वाहन के माध्यम से शेष किसानों को जागरूक कर फार्मर रजिस्ट्री पूर्ण कराने का प्रयास किया जाएगा। इस अवसर पर कृषि रक्षा अधिकारी रंजीत चौरसिया, सहायक विकास अधिकारी अशोक यादव, विषय वस्तु विशेषज्ञ दयानंद (सदर), प्रवीण (बिंदकी) सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी एवं किसान उपस्थित रहे।