Home उत्तर प्रदेश चाइनीज मांझे के खिलाफ जनजागरूकता अभियान

चाइनीज मांझे के खिलाफ जनजागरूकता अभियान

छोटी काशी पतंग महोत्सव 2.O का भव्य आयोजन 21–22 जनवरी को

LAKHIMPUR KHERI NEWS: गत वर्ष भांति इस वर्ष पुनः चाइनीज मांझे के दुष्प्रभावों के विरुद्ध जनजागरूकता के उद्देश्य से “छोटी काशी पतंग महोत्सव 2.O” का भव्य एवं आकर्षक आयोजन नगर पालिकाध्यक्ष विजय शुक्ल ‘रिंकू’ एवं गोला टूरिज्म संगठन के संयुक्त तत्वावधान में 21 एवं 22 जनवरी 2026 को स्व. राजेंद्र गिरि स्मारक स्टेडियम, गोला गोकर्णनाथ में किया जाएगा। इस आयोजन को लेकर नगर पालिका परिषद में पालिकाध्यक्ष विजय शुक्ल ‘रिंकू’ की अध्यक्षता में आयोजन समिति एवं निर्णायक मंडल की संयुक्त बैठक आयोजित की गई, जिसमें सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे दिया गया। महोत्सव का मुख्य उद्देश्य न केवल पतंगबाजी की परंपरा को उत्सव के रूप में प्रस्तुत करना है, बल्कि समाज को चाइनीज मांझे से होने वाले खतरों के प्रति भी सचेत करना है एवं उनका प्रयोग पूर्णतः बंद हो यह बताना है। प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए पंजीकरण 16 जनवरी से 19 जनवरी 2026 सायं 5 बजे तक नगर पालिका परिषद कार्यालय में किया जाएगा। प्रतिभागियों को पंजीकरण के समय आधार कार्ड की मूल प्रति एवं फोटोकॉपी तथा दो पासपोर्ट साइज फोटो प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। महोत्सव में दो वर्ग रखे गए हैं जूनियर (16 वर्ष तक) एवं सीनियर (16 वर्ष से अधिक)। सीनियर वर्ग में विजेताओं को क्रमशः ₹5100, ₹2100 एवं ₹1100 तथा जूनियर वर्ग में ₹2100, ₹1500 एवं ₹1100 की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। प्रतिभागियों को पतंग आयोजन स्थल पर उपलब्ध कराई जाएगी, जबकि सद्दी स्वयं लानी होगी। देशी मांझा का प्रयोग अनिवार्य रहेगा; चाइनीज मांझा पाए जाने पर प्रतिभागिता निरस्त कर दी जाएगी। निर्णायक मंडल का निर्णय अंतिम एवं सर्वमान्य होगा।
पालिकाध्यक्ष विजय शुक्ला रिंकू ने कहा इस पहल का उद्देश्य आम जनता, विशेषकर दुकानदारों और बच्चों को चाइनीज मांझे के गंभीर परिणामों के प्रति जागरूक करना है। इसका लक्ष्य समाज में इसके पूर्ण प्रतिबंध के लिए चेतना पैदा करना भी है। चाइनीज मांझा पक्षियों और पशुओं के लिए हानिकारक है, साथ ही राहगीरों, दोपहिया वाहन चालकों और आम नागरिकों के लिए भी खतरनाक हो सकता है। इसके उपयोग से कई बार दुर्घटनाएं होती हैं। छोटी काशी पतंग महोत्सव 2.O नगर की सांस्कृतिक पहचान को सुदृढ़ करने के साथ-साथ सुरक्षित एवं पर्यावरण अनुकूल पतंगबाजी का संदेश भी देगा। क्षेत्रवासियों से प्रभावी सहभागिता कर इस महोत्सव को सफल बनाने की अपील की है। बैठक में गोला टूरिज्म संगठन के सचिव इं. मिलिंद शुक्ल, रविन्द्र कटियार, डॉ. सौरभ दीक्षित, डॉ. आदर्श दीक्षित, डॉ. योगेश कनौजिया, राजेंद्र सोनी, कुलदीप तिवारी, कमल नयन शुक्ल एवं अनिकेत अवस्थी उपस्थित रहे।