LAKHIMPUR KHERI NEWS: भीरा थाना क्षेत्र में एक युवक ने दबंग और उसकी गर्लफ्रेंड से परेशान होकर मंगलवार को जहरीला पदार्थ खा लिया। युवक ने इससे पहले डायल 112 पर फोन कर आत्महत्या की धमकी दी थी। उसकी हालत बिगड़ने पर उसे पहले बिजुआ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। बाद में लखनऊ ले जाते समय मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, युवक ने डायल 112 पर कॉल कर आत्महत्या करने की बात कही थी। सूचना मिलने पर भीरा थानाध्यक्ष रोहित दुबे ने युवक से फोन पर बात कर उसे समझाने का प्रयास किया और थाने आने को कहा। हालांकि, युवक थाने आने को तैयार नहीं हुआ। इसी दौरान, डायल 112 की टीम युवक को खोजते हुए थाने ला रही थी। थाने के गेट पर पहुंचते ही युवक ने बताया कि उसने जहर खा लिया है। युवक को तुरंत बिजुआ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। इलाज के दौरान भीरा पुलिस और युवक के परिजनों के बीच बहस होने की भी खबर है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में बने एक वीडियो में युवक यह कहते हुए सुना जा रहा है कि उसने थाने में जहर खाया था। थानाध्यक्ष रोहित दुबे ने बताया कि यह मामला प्रेम प्रसंग से संबंधित है। युवक को पूछताछ के लिए थाने बुलाया गया था, लेकिन वह लगातार फोन पर आत्महत्या की धमकी दे रहा था। मंगलवार को जब वह थाने पहुंचा, तो उसकी हालत अचानक खराब हो गई, जिसके बाद उसे तुरंत उपचार के लिए एक निजी वाहन से अस्पताल भेजा गया था।इस घटना से जुड़ा थानाध्यक्ष और युवक के बीच बातचीत का एक ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें युवक पुलिस को फंसाने की धमकी देता हुआ सुना जा रहा है। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और युवक के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।







