नई प्रदेश कार्यकारिणी का गठन
LUCKNOW NEWS: उत्तर प्रदेश प्राइवेट वाहन चालक यूनियन का 12वाँ स्थापना दिवस आज राजधानी लखनऊ स्थित अपर श्रमयुक्त संस्थान 23 ए पी रोड में अत्यंत गरिमामयी एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर प्रदेश भर से आए वाहन चालकों, पदाधिकारियों एवं प्रतिनिधियों ने कार्यक्रम में सहभागिता कर यूनियन की एकजुटता और संगठनात्मक मजबूती का परिचय दिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय महासचिव अनिल दुबे की गरिमामयी उपस्थिति रही। उन्होंने अपने संबोधन में वाहन चालकों की समस्याओं को गंभीर बताते हुए कहा कि निजी वाहन चालक समाज की रीढ़ हैं, लेकिन आज भी उन्हें सम्मान, सुरक्षा और सामाजिक न्याय नहीं मिल पा रहा है राष्ट्रीय लोकदल सदैव चालकों के अधिकारों और उनके भविष्य की लड़ाई मजबूती से लड़ता रहा है और आगे भी उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा रहेगा। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश प्राइवेट वाहन चालक यूनियन की नई प्रदेश कार्यकारिणी का गठन भी किया गया। नई कार्यकारिणी के गठन के साथ ही यूनियन ने प्रदेश सरकार के समक्ष चालकों से जुड़ी प्रमुख मांगों को प्रमुखता से रखा।
प्रमुख मांगें इस प्रकार रहीं : डीज़ल की कीमत को ₹15 प्रति लीटर तक कम किया जाए। वाहन चालकों का ₹26 लाख तक का दुर्घटना बीमा सुनिश्चित किया जाए। चालकों को न्यूनतम ₹10,000 मासिक पेंशन की व्यवस्था की जाए। आए दिन हो रही सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के लिए एक सशक्त ड्राइविंग सुरक्षा बोर्ड का गठन किया जाए। कार्यक्रम का समापन संगठन की मजबूती, चालकों के अधिकारों की रक्षा और सामाजिक न्याय के संकल्प के साथ किया गया।







