Home देश वंदे मातरम् के मुद्दे पर देशभक्ति के ठेकेदारों का असली चेहरा उजागर,...

वंदे मातरम् के मुद्दे पर देशभक्ति के ठेकेदारों का असली चेहरा उजागर, संजय सिंह का संसद में तीखा प्रहार

685
0

नई दिल्ली(पीएमए) राज्यसभा में “वंदे मातरम्” पर हुई विशेष चर्चा के दौरान आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने भाजपा और आरएसएस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि “वंदे मातरम् का नारा लगाने वाले शहीदों की कुर्बानी पर जिनका कोई इतिहास नहीं, वे आज देशभक्ति के ठेकेदार बने घूम रहे हैं। संजय सिंह ने कहा कि सरकार वंदे मातरम् की आड़ में असली मुद्दों — बेरोजगारी, महंगाई, दलित-पिछड़ों पर अन्याय और देश की आर्थिक लूट — से ध्यान भटकाना चाहती है। उन्होंने कहा कि “वंदे मातरम् मातृभूमि की वंदना है, लेकिन जो मातृभूमि को बेच रहे हैं, वे उसकी वंदना नहीं, अपमान कर रहे हैं।”

संजय सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार ‘देशभक्ति’ की बातें करती है लेकिन एक रुपये में अपने मित्र को हजारों एकड़ जमीन और लाखों पेड़ दे देती है। उन्होंने कहा — “रेल, सेल, तेल और देश की जमीन बेचकर मातृभूमि की वंदना नहीं हो सकती। जो लोग देश बेच रहे हैं, वे वंदे मातरम् का अपमान कर रहे हैं।”

भगवान श्रीराम ने नहीं कहा कि जनता को अंधेरे में रखो
उत्तर प्रदेश के ऊर्जा मंत्री पर तंज कसते हुए संजय सिंह ने कहा कि जब व्यापारी बिजली की समस्या लेकर पहुंचे तो मंत्री ने बस ‘जय श्रीराम’ बोलकर गाड़ी बढ़ा दी। उन्होंने सवाल किया — “क्या भगवान राम ने कहा है कि निकम्मे बनो और जनता को अंधेरे में रखो?”

आरएसएस का आजादी के आंदोलन में कोई इतिहास नहीं


संजय सिंह ने आरएसएस पर आजादी के आंदोलन से भागने का आरोप लगाते हुए कहा — “जब भगत सिंह, राजगुरु, अशफाकउल्ला, बिस्मिल और खुदीराम बोस फांसी के फंदे पर वंदे मातरम् का नारा लगा रहे थे, तब आरएसएस क्या कर रहा था? उन्होंने कहा कि आरएसएस ने न तो कभी तिरंगा फहराया, न राष्ट्रगान स्वीकार किया, न वंदे मातरम् बोला। 1949 में आरएसएस के अखबार ‘ऑर्गेनाइजर’ में राष्ट्रगान का विरोध किया गया था — देश के प्रधानमंत्री और भाजपा को इसके लिए पूरे देश से माफी मांगनी चाहिए।

आरएसएस ने 13 साल मुकदमा लड़ा क्योंकि आरएसएस मुख्यालय पर तिरंगा फहराया गया था
संजय सिंह ने कहा कि “तीन देशभक्त युवकों ने जब आरएसएस मुख्यालय पर तिरंगा फहराया, तो संगठन ने उन्हीं के खिलाफ एफआईआर कर दी और 13 साल तक मुकदमा लड़ा। उन्होंने कहा कि जो तिरंगे और राष्ट्रगान का विरोध करें, वे भारत माता के सच्चे सपूत नहीं हो सकते।

भाजपा कर रही है वोट की चोरी, 3 करोड़ मतदाता सूची से गायब करने की साजिश
संजय सिंह ने आरोप लगाया कि भाजपा उत्तर प्रदेश में SIR फॉर्म के नाम पर करीब 3 करोड़ वोट चोरी करने की तैयारी कर रही है। उन्होंने कहा कि “आपने तो वोट की भी चोरी कर ली है। जिस तरह फिल्मों में डाकू ‘जय भवानी’ बोलकर गांव लूटते थे, भाजपा ‘वंदे मातरम्’ बोलकर लोकतंत्र लूट रही है।”

बेरोजगारी, महंगाई और सामाजिक न्याय पर सरकार मौन
संजय सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार बेरोजगारी, महंगाई, दलितों-पिछड़ों पर अत्याचार जैसे मुद्दों पर चर्चा नहीं करना चाहती। उन्होंने कहा — “देश आज 200 लाख करोड़ रुपये के कर्ज तले दबा है, और सरकार देशभक्ति का नाटक कर रही है।”

हम वंदे मातरम् और भारत माता की जय कहते रहेंगे, लेकिन देश को लूटने नहीं देंगे
अंत में संजय सिंह ने कहा — “हम वंदे मातरम् कहेंगे, भारत माता की जय कहेंगे, जय हिंद कहेंगे — लेकिन किसी को भी वंदे मातरम् के नाम पर देश लूटने नहीं देंगे।”