Home उत्तर प्रदेश मतदाता सूची पुनरीक्षण में तेजी, इन्यूमरेशन अवधि 11 दिसम्बर तक बढ़ी :...

मतदाता सूची पुनरीक्षण में तेजी, इन्यूमरेशन अवधि 11 दिसम्बर तक बढ़ी : जिलाधिकारी

JAUNPUR NEWS:

जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चन्द्र ने कलेक्ट्रेट सभागार में प्रेसवार्ता कर बताया कि मा० भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार अर्हता तिथि 01 जनवरी 2026 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्य में गति लाई गई है। आयोग ने इन्यूमरेशन अवधि 11 दिसम्बर 2025 तक बढ़ा दी है। साथ ही पोलिंग बूथों के सम्भाजन और परिवर्तन की अंतिम तिथि भी 11 दिसम्बर निर्धारित की गई है। जिलाधिकारी ने बताया कि मतदाता सूची के आलेख्य प्रकाशन की तिथि 16 दिसम्बर 2025 तक बढ़ाई गई है, जबकि अंतिम प्रकाशन अब 14 फरवरी 2026 को होगा। उन्होंने कहा कि गणना प्रपत्रों के वितरण एवं संग्रहण के बाद डिजिटाइजेशन कार्य को तेज करने के लिए बीएलओ के सहयोग में अध्यापक, लेखपाल, अमीनों को सुपरवाइजरी दायित्व दिया गया है तथा जिला स्तरीय अधिकारियों को समीक्षा के लिए लगाया गया है। उन्होंने बताया कि जनपद में डिजिटाइजेशन कार्य तेजी से प्रगति कर रहा है। बदलापुर में 80.17%, शाहगंज में 79.16%, जौनपुर में 68.72%, मल्हनी में 77.36%, मुंगराबादशाहपुर में 74.27%, मछलीशहर में 76.37%, मड़ियाहूं में 76.13%, जफराबाद में 72.57% और केराकत में 80.31% डिजिटाइजेशन पूरा हो चुका है। कुल मिलाकर जनपद 76% से अधिक की उपलब्धि प्राप्त कर चुका है। जिलाधिकारी ने बताया कि विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण के दौरान राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ नियमित बैठक कर प्रगति साझा की जा रही है और उनसे फीडबैक भी प्राप्त हो रहा है। उन्होंने कहा कि बीएलओ को सकारात्मक माहौल में पूर्ण सहयोग प्रदान किया जा रहा है तथा कम प्रगति वाले बूथों की दैनिक समीक्षा की जा रही है। प्रगति बढ़ाने हेतु अतिरिक्त सुपरवाइजर, अध्यापक एवं कर्मचारी भी लगाए गए हैं। उन्होंने मीडिया की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि एसआईआर प्रक्रिया के दौरान जागरूकता बढ़ाने में मीडिया का सहयोग महत्वपूर्ण रहा है। जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की कि 11 दिसम्बर 2025 तक बढ़ी हुई इन्यूमरेशन अवधि में अपना गणना प्रपत्र बीएलओ को अवश्य उपलब्ध कराएं। प्रेसवार्ता में उप जिला निर्वाचन अधिकारी राम अक्षयवर चौहान, संयुक्त मजिस्ट्रेट सौरभ कुमार, नगर मजिस्ट्रेट इन्द्र नन्दन सिंह सहित ईआरओ, एईआरओ तथा मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।