प्रकरण के वायरल वीडियो की पुलिस कर रही है जांच
FATEHPUR NEWS: जिले के सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र के बाकरगंज गांव में भूमि विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच तनाव उत्पन्न हो गया है। इस विवाद से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें एक व्यक्ति धारदार हंसिया लहराते हुए जान से मारने की धमकी देता दिख रहा है। हालांकि हम वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करते हैं। पूरा मामला अफोई पुलिस चौकी अंतर्गत बाकरगंज गांव का है। पीड़ित राजा सिंह पुत्र रामप्यारे के अनुसार, उनकी भूमिधरी जमीन पर पड़ोस का एक व्यक्ति अवैध कब्जा करने का प्रयास कर रहा है। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कई वर्षों से विवाद चल रहा है। वायरल वीडियो में एक दबंग व्यक्ति धारदार हंसिया निकालकर पीड़ित पक्ष को जान से मारने की धमकी दे रहा है। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहा है, जिससे इलाके में तनाव का माहौल है। इस मामले में सुल्तानपुर घोष थाना प्रभारी तेज बहादुर सिंह ने बताया कि वायरल वीडियो की जांच की जा रही है। आगे उन्होंने कहा कि यह वीडियो किसी जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हुई कहासुनी का है। पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर विवाद में शामिल लोगों की पहचान कर मामले का निस्तारण कराएगी।







