सरदार पटेल जयंती आयोजन समिति की ओर से सरदार वल्लभभाई पटेल का जयंती समारोह आयोजित
JAUNPUR NEWS: ब्लॉक मुख्यालय स्थित श्रीमती समला देवी जन कल्याण इंटरमीडिएट कॉलेज रुधौली में रविवार को सरदार पटेल जयंती आयोजन समिति की ओर से सरदार वल्लभ भाई पटेल का जयंती समारोह आयोजित किया गया।जयंती पर उपस्थित लोगों ने श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए राष्ट्र निर्माण में किए गए योगदान को याद किया। लोगों ने उनके विचारों को आत्मसात करने का संकल्प लिया। समारोह में सर्वोच्च अंक प्राप्त, पुलिस मेडिकल एवं अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में चयनित 15 मेधावियों को मेडल एवं स्मृति चिन्ह भेंट करके सम्मानित किया गया। समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि कृषि वैज्ञानिक डॉ. आरपी मौर्य ने लौहपुरुष के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन करके किया। मुख्य अतिथि ने कहा कि अखंड भारत के निर्माण में सरदार वल्लभ भाई पटेल की भूमिका सबसे अहम है। उन्होंने कहा कि अलग-अलग टुकड़ों में विभाजित रियासतों को एकीकृत करके सरदार पटेल ने सशक्त भारत का निर्माण किया। सरदार पटेल के सिद्धांतों को अपने जीवन में लागू करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। मुख्य वक्ता नीरज पटेल ने डॉक्टर भीमराव अंबेडकर और सरदार वल्लभ भाई पटेल को एक दूसरे का पूरक बताया। उन्होंने कहा कि वह बाबा साहब का हमेशा साथ देते थे। दोनों महापुरुष एक सिक्के के दो पहलू हैं। वह सचमुच राष्ट्र निर्माता हैं। विशिष्ट अतिथि प्रदेश सरकार के पूर्व ऊर्जा एवं नियोजन राज्य मंत्री शैलेंद्र यादव ललई ने कहा कि आधुनिक भारत के निर्माण में सरदार वल्लभभाई पटेल का अद्वितीय योगदान रहा। बताया कि वर्तमान केंद्र और प्रदेश सरकार संविधान विरोधी है। सरदार पटेल के सपनों का भारत तभी बनेगा जब दलित, पिछड़े और शोषित, वंचित समाज के लोग शिक्षित होकर अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होंगे। पूर्व सदस्य जिला पंचायत एवं संरक्षक जितेंद्र वर्मा बाजीगर ने कहा कि वर्तमान सरकार एक समान शिक्षा के अधिकार से गरीबों को वंचित कर रही है। उन्होंने महंगाई और बेरोजगारी की समस्या पर सवाल उठाया। संयोजक इंजी. धर्मेंद्र वर्मा ने अतिथियों एवं आगंतुकों का आभार प्रकट किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं और सहयोगियों के प्रति कार्यक्रम को सकुशल संपन्न करने में बढ़-चढ़कर सहयोग के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया। रामानंद निषाद, त्रिभुवन यादव, जयदीप पटेल, राहुल पटेल, कृष्णा पटेल, जय नाथ वर्मा आदि लोगों ने भी अपने विचार व्यक्त किया। अध्यक्षता उदय राज यादव और संचालन विनय कुमार वर्मा ने किया। इस मौके पर हरिराम वर्मा, राम सकल बिंद प्रधान, संतोष यादव पिंटू प्रधान प्रतिनिधि, बलदेव पाल, विंदे वर्मा, इंद्रभान वर्मा, सुरेश वर्मा, आनंद स्वरूप यादव, अमरजीत वर्मा समेत अन्य लोग मौजूद रहे।







